Monday, July 24, 2017

राजा की रिजर्व सेना (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 36)



मराठा राज्यों के लिये राजस्व के प्रमुख स्त्रोत आकस्मिक हमले हुआ करते थे; 1809 ई. में रावघाट की पहाड़ियों से हो कर नारायणपुर के भीतर प्रवेश करने वाली मराठा सेना रामचंद्र वाघ के नेतृत्व में पहुँची थी (केदारनाथ ठाकुर, 1908)। बस्तर और कांकेर राज्य इन दिनों मराठों के खिलाफ संधि की अवस्था में थे; यह रणनीतिक भूल थी कि दोनों रियासतों ने सहयोग की सहमति होते हुए भी हमले का जवाब देने की तैयारी नहीं की। कांकेर के परास्त होने की जानकारी मिलते ही महिपाल देव (1800-1842 ई.) ने रणनीति के तहत आक्रांता सेना का मुकाबला करने के लिये हलबा योद्धाओं की एक टुकड़ी को आगे कर दिया। राजमहल रिक्त कर दिया गया। मामूली प्रतिरोध को कुचलते हुए जगदलपुर में बाघ की सेना प्रविष्ठ हो गयी। राजमहल खाली, शहर के प्रतिष्ठित नागरिक, व्यापारी और अधिकारी नगर से पलायन कर गये थे। बिना बड़े युद्ध के मिली इस विजय से रामचन्द्र बाघ ने भी निश्चिंत हो जाने की वही राजनीतिक भूल की, जो नीलू पंड़ित से हुई थी। अगली सुबह हालात बदल गये। लम्बी लम्बी बंदूखें धरी रह गयीं, तोप निश्शब्द खड़े रह गये। बस्तर की सेना ने पीछे से आक्रमण कर मराठा अभियान कुचल दिया था। इससे पहले कि रामचंद्र बाघ पकड़ लिया जाता, वह जंगलों की ओर भाग गया। जगदलपुर से भागते हुए उसने देखा था, पहाड़ों से हजारों की संख्या में आदिवासी तीर धनुष लिये इस तरह चले आ रहे थे, जैसे चींटियों की अंतहीन कतार। वस्तुत: बस्तर के राजाओं के लिये उनकी प्रजा ही सशस्त्र रिजर्व सेना थी। प्राय: राज्य की इस छिपी हुई ताकत का आंकलन करने में विरोधी सेनाओं से चूक हो जाया करती थी, जो उनकी पराजय निश्चित कर देती थी।

- राजीव रंजन प्रसाद 
==========


No comments: