Friday, December 28, 2012

बस्तर, बारसूर और गंग-राजवंश – बिखरी कडियाँ।


किसी समय ओड़िशा के जगन्नाथपुरी क्षेत्र के राजा गंगवंशीय थे। राजा की छ: संतानें उनकी व्याहता रानियों से थी तथा एक पुत्र दासी से उत्पन्न था। अनेक घटनायें अतीत के पन्नों में दर्ज है जहाँ राजा प्रेम अथवा वासना में इस तरह डूबा रहा करता कि अंतत: गणिकाओं, दासियों तथा नगरवधुओं नें उनसे अपनी मनमानियाँ करवायी हैं तथा सत्ता पर अपने परिजनों अथवा पुत्र को अधिकार दिलाने में सफल हो गयी हैं। इस गंगवंशीय राजा नें भी यही किया तथा दासी पुत्र सत्ता का अधिकारी बना दिया गया। छ: राजकुमार राज्य के बाहर खदेड दिये गये। इनमें से एक राजकुमार नें अपने साथियों के साथ किसी तत्कालीन शक्तिहीन हो रहे नल-राजाओं के गढ महाकांतार के एक कोने में सेन्ध लगा दी तथा वहाँ बाल-सूर्य नगर (वर्तमान बारसूर) की स्थापना की।

यह कथा तिथियों के अभाव में इतिहास का हिस्सा कहे जाने की अपेक्षा जनश्रुतियों की श्रेणी में ही वर्गीकृत रहेगी। पं. केदारनाथ ठाकुर (1908) नें अपनी किताब “बस्तर भूषण (1908)” में इस घटना का इतिहासिक तथ्य की तरह वर्णन किया है। इसे बस्तर के इतिहास की शून्यता में कई स्थानों/तिथियों में जोडने की गुंजाईश दिखती है। पहली संभावना बनती है नल राजा स्कंदवर्मन (475-500 ई.)की मृत्यु के बाद; चूंकि इसके पश्चात लम्बे समय तक नल शासन का उल्लेख प्राचीन बस्तर के अब तक उपलब्ध एतिहासिक प्रमाणों से प्राप्त नहीं होता। प्राय: शक्तिशाली राजाओं की संततियाँ विरासत को संभाल पाने में नाकाबिल साबित होती रही हैं। अत: हो सकता है कि  इसी समय वाकाटकों नें पुन: नलों को परास्त किया हो। यह संभावना है कि वाकाटक नरेश हरिषेण नें स्कंदवर्मन के पश्चात के शासको को परास्त कर राज्य विस्तार किया होगा। इसी समय में पूर्वी गंग नाम के एक राजवंश के शक्तिशाली हो कर उदित होने की जानकारी भी प्राप्त होती है। यह विश्वास किया जा सकता है कि वाकाटक नरेश हरिषेण की आधीनता में ही पूर्वी गंग त्रिकलिंग के शासक बने तथा वे वाकाटकों व आन्ध्र के शासकों के बीच प्रतिरोधक का कार्य करते रहे।

प्राचीन बस्तर पर शासन करने वाले गंग राजाओं नें स्वयं को त्रिकलिंगाधिपति कहा है अत: यह समझना आवश्यक हो जाता है कि यह प्राचीन भूगोल में किस क्षेत्र का परिचायक है। त्रिकलिंग का उल्लेख पहले-पहल ग्रीक-यूनानी लेखकों की इतिहास लेखन के उद्देश्य से रची गयी कृतियों में मिलता है। ग्रीक लेखक प्लीनी नें कलिंग को गंगरिदेसकलिंगे, मक्को कलिंगे एवं कलिंग नामक तीन उपविभागों में बाँटा है। पूर्वीगंगों के ताम्रपत्रों में उन्हें त्रिलिंगाधिपति घोषित किये जाने का अनेको बार उल्लेख मिलता है। त्रिकलिंग एवं कलिंग पर गंग राजाओं के आधिपत्य का विवरण वज्रहस्त पंचम, राजराज प्रथम एवं चोडगंग के ताम्रपत्रों में मिलता है। चोड़गंग के ताम्रपत्र एक कथा की ओर इशारा करते हैं कि गंग राजाओं की वंशावली राजा कामार्ण्णव से प्रारंभ होती है जिन्होंने अपने चार भाईयों की सहायता से एक नये राज्य की स्थापना की जिसे त्रिकलिंग कहा गया। दानपत्रों के उल्लेख त्रिकलिंग को कलिंग के पश्चिम में अवस्थित सिद्ध करते हैं। त्रिकलिंग क्षेत्र की व्याख्या अनेक इतिहासकार/विद्वानों नें अपने अपने तरह से की है। कुछ इतिहासकार इसे तीन राज्यों का सम्मिलित क्षेत्र मानते हैं जैसा कि कनिंघम का मंतव्य है जिनके अनुसार धनकट, अमरावती व आन्ध्र मिला कर त्रिकलिंग बनते हैं। फ्लीट त्रिकलिंग को गंगा के मिहाने तक प्रसारित मानते हैं जबकि कीलहार्न प्राचीन तेलंगाना को  ही त्रिकलिंग मानते हैं। डीसी गाँगुली त्रिकलिंग के अंतर्गत उत्तरी कलिंग (गंजाम); दक्षिणी कलिंग (गोदावरी क्षेत्र) तथा मध्य कलिंग (विशाखापट्टनम) मानते हैं। शक संवत 1280 के श्रीरंगम ताम्रपत्र के अनुसार त्रिकलिंग के पश्चिम में महाराष्ट्र, पूर्व में कलिंग, दक्षिण में पाण्डय देश एवं उत्तर में कान्यकुब्ज हैं – “पश्चात पुरस्तादपि यस्य देशौ ख्यातौ महाराष्ट्रकलिंगसंज्ञो:। आर्वादुदक पाण्ड्यकान्यकुब्जौ देशो स्मतत्रापि तिलिंगनामा”। उपरोक्त विवरणो से त्रिकलिंग के पृथक व एक स्वतंत्र राज्य होने का उल्लेख बनता है जिसे गंग राजाओं नें बसाया होगा तथा यह प्राचीन बस्तर की कुछ भूमि समेत कोरापुट व कालाहाण्डी क्षेत्रों के लिये संयुक्त रूप से प्रयोग में लाया जाने वाला नाम रहा होगा। इस सत्य की सबसे अधिक ठोस रूप में पुष्टि ओडिशा म्यूजियम, भुवनेश्वर में संरक्षित रखे ब्रम्हाण्डपुराण के ताडपत्र से होती है जिसमे एक श्लोक त्रिकलिंग क्षेत्र की स्पष्ट जानकारी प्रदान करता है। इस श्लोक का अंतिम शब्द ताडपत्र में अस्पष्ट है तथापि इसके अनुसार झंझावती से वेदवती नदी के मध्य का क्षेत्र त्रिकलिंग है जबकि इससे लग कर अर्थात झंझावती से ऋषिकुल्या तक का क्षेत्र कलिंग है – अषिकुल्यां समासाद्य यावत झंझावती नदी, कलिंग देशख्यातो देशाना गर्हितस्तदा। झंझावतीं सभासद्य यावद वेदवती नदी, त्रिकलिंगड़गीति ख्यातो...”। झंझावती, नागवल्ली नदी की सहायक सरिता है जबकि वेदवती इन्द्रावती का उपनाम। अत: विवादों को दृष्टिगत रखते हुए भी इस समहति पर पहुँचना होगा कि प्राचीन बस्तर क्षेत्र पर पूर्वीगंग वंश का शासन 498 – 702 ई. के मध्य रहा होगा।

गंगवंश का प्रथम ज्ञात राजा इन्द्रवर्मन है जिसने अपने जिरजिंगी दानपत्र (537 ई.) में स्वयं को त्रिलिंगाधिपति कहा है। इसका राज्य क्षेत्र समुद्रतट तक विस्तृत बताया जाता है। दूसरा गंग राजा सामंतवर्मन था जिनका पोन्नुतुरू दानपत्र भी उन्हें त्रिलिंगाधिपति घोषित करता है। सामंतवर्मन की राजधानी सौम्यवन थी जिसे वर्तमान श्रीकाकुलम जिले में वंशधारानदी के तट पर अवस्थित माना जाता है। सामंतवर्धन के पश्चात राजा हस्तिवर्मन का उल्लेख नरसिंहपल्ली ताम्रपत्र तथा उरलाम दानपत्र से प्राप्त होता है। हस्तिवर्मन द्वारा त्रिलिंगाधिपति के स्थान पर सकलकलिंगाधिपात उपाधि धारण करने का उल्लेख मिलता है तथा उनके द्वारा कलिंगनगर को राजधानी बनाया गया था। हस्तिवर्मन का उत्तराधिकारी इन्द्रवर्मन द्वितीय था जिसके समय में त्रिकलिंग के दक्षिणी क्षेत्रों पर चालुक्य राजा पुलकेशिन द्वितिय नें अधिकार कर लिया था। इसके पश्चात गंगवंशीय राजा इन्द्रवर्मन तृतीय का उल्लेख मिलता है जिसने 632 ई. में तेकाली पत्र जारी किया था। एक अन्य अभिलेख में देवेन्द्रवर्मन का चिकाकोल पत्र (681 ई.) प्राप्त हुआ है। गंगवंशीय अंतिम प्राप्त अभिलेख है देवेन्द्रवर्मन के पुत्र अनन्तवर्मन का धर्मलिंगेश्वर दानपत्र (702 ई.) जिसके पश्चात इस राजवंश का कोई उल्लेख प्राप्त नहीं होता है

दुर्गमतम क्षेत्र होने के कारण प्राचीन बस्तर के इतिहास को एक क्रम में देखने से कई समस्यायें आ जाती है। हम काल निर्धारण करते हुए पूरी तरह आश्वस्त नहीं रह सकते तथापि यह मान सकते हैं कि स्कन्दवर्मन के पश्चात  नल वंश का महाकांतार में पतन होने लगा; अत बिना किसी बड़े प्रतिरोध के गंग राजवंश जो कि दण्ड़क वन क्षेत्र में “बाल सूर्य” (वर्तमान बारसूर) नगर और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में सीमित था अब महाकांतार क्षेत्र का वास्तविक शासक बन गया। इस राजवंश की शासन-प्रणाली तथा राजा-जन संबंधों पर बात करने के लिये समुचित प्रमाण, ताम्रपत्र अथवा शिलालेख उपलब्ध नहीं हैं तथापि गंग राजाओं का स्थान बस्तर की स्थापत्य कला की दृष्टि से अमर हो गया है। बालसूर्य नगर की स्थापना के पश्चात गंग राजाओं नें अनेकों विद्वानों तथा कारीगरों को आमंत्रित किया जिन्होंने राजधानी में एक सौ सैंतालीस मंदिर तथा अनेकों मंदिर, तालाबों का निर्माण किया। गंगमालूर गाँव से जुडा “गंग” शब्द तथा यहाँ बिखरी तद्युगीन पुरातत्व के महत्व की संपदाये गंग-राजवंश के समय की भवन निर्माण कला एवं मूर्तिकला की बानगी प्रस्तुत करती हैं। बारसूर मेंअवस्थित प्रसिद्ध मामा भांजा मंदिर गंग राजाओं द्वारा ही निर्मित है। कहते हैं कि राजा का भांजा उत्कल देश से कारीगरों को बुलवा कर इस मंदिर को बनवा रहा था। मंदिर की सुन्दरता ने राजा के मन में जलन की भावना भर दी। इस मंदिर के स्वामित्व को ले कर मामा-भांजा में युद्ध हुआ। मामा को जान से हाँथ धोना पड़ा। भाँजे ने पत्थर से मामा का सिर बनवा कर मंदिर में रखवा दिया फिर भीतर अपनी मूर्ति भी लगवा दी थी। आज भी यह मंदिर अपेक्षाकृत अच्छी हालत में संरक्षित है। आज का बारसूर ग्राम अपने खंड़हरों को सजोए अतीत की ओर झांकता प्रतीत होता है।

बारसूर नगर के एतिहासिक अतीत को देखते हुए उसके संरक्षण के लिये किये जाने वाले कार्यों की सराहना करनी होगी। अभी जो प्रयास हुए हैं उनके तहत कुच प्राचीनमंदिर व भव्य प्रतिमायें अगली पीढी के लिये बचा ली गयी हैं तथापि बहुत कुछ किया जाना अभी शेष है। यह नगर इतिहासकारों व पुरातत्वविदों की समग्रदृष्टि तथा विषद शोध की माँग करता है तभी हम गंग वंशीय अतीत पर प्रामाणिकता से कुछ कहने की स्थिति में होंगे। बारसूर वैसे भी प्राचीन मंदिरों व भग्नावशेषों से पटी पडी नगरी है जो स्वयं को पढे और पुन: गढे जाने की राह तक रही है।

Wednesday, December 19, 2012

नल युगीन बस्तर के अविस्मरणीय नायक थे स्कंदवर्मन

सान्ध्य दैनिक ट्रू सोल्जर में 18.12.12 को प्रकाशित
इतिहास की पडताल करने पर नलयुगीन शासक स्कंदवर्मन (475-500ई.)विलक्षण नायक नज़र आते हैं। उन्हें विरासत में एक ध्वस्त राजधानी तथा मुट्ठी भर साथी ही मिले थे। इससे विचलित हुए बिना उन्होंने न केवल नल सत्ता को पतन से उबारा अपितु पुन: उसके गौरव की भी स्थापना की। वह नल साम्राजय जिसे सम्राट समुद्रगुप्त नें अपने आधीन कर लेने के बाद भी एक स्वतंत्र सत्ता बनाये रखा था वस्तुत: अर्थपति भट्टारक (460-475ई.)के समय के आते आते कमज़ोर हो गया था। अर्थपति एक विलासी शासक प्रतीत होते हैं, कदाचित व्यसनी। वे आम जनता का विश्वास और सहानुभूति खो चुके थे और बहुतायत समय सुरा-सुन्दरी में डूबे हुए ही व्यतीत करते थे। इतिहास गवाह है कि एसे शासक कभी भी सत्ता पर पकड़ नहीं बनाये रख सके हैं। मध्य क्षेत्र में अत्यधिक शक्तिशाली वाकाटक नरेशों को एसे ही समय की प्रतीक्षा लम्बे समय से थी। वाकाटक नरेश पृथ्वीषेण (460-480ई.)नें नलों की राजधानी नन्दिवर्धन पर तीन दिशा से हमला कर दिया। यह इतना शक्तिशाली हमला था कि अंतत: अर्थपति भट्टारक को अपनी राजधानी छोड कर भागना पड़ा। अपनी बार बार पराजय तथा असफलताओं से त्रस्त वाकाटक राजा इतने उद्वेलित थे कि पृथ्वीषेण नें नल साम्राज्य को जड़ से उखाड देने के संकल्प के साथ ही आक्रमण किया था। अर्थपति नल साम्राज्य की प्राचीन राजधानी पुष्करी की ओर भागे लेकिन वहाँ तक भी उनका पीछा किया गया। स्वयं पृथ्वीषेण अपनी सेना के साथ पुष्करी पहुँचे और इस नगरी को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया गया। एक-एक प्रासाद और मकान तोड़ दिया गया। इसके बाद पृथ्वीषेण ने अर्थपति भट्टारक को उसके हाल पर छोड़ दिया और वह नव-विजित राजधानी नन्दिवर्धन लौट आया।   

अर्थपति गहन विषाद में रहने लगे। वे ध्वस्त राजधानी और कदमों से नापी जा सकने जितनी भूमि पर बची सत्ता के साथ रह गये थे। मदिरा ने साथ नहीं छोड़ा इसलिये शीघ्र ही शरीर ने साथ छोड़ दिया। अर्थपति के निधन के बाद उनके छोटे भाई स्कंदवर्मन का अत्यधिक साधारण समारोह में राजतिलक किया गया। यह राजतिलक केवल परम्परा के निर्वाह के लिये ही था क्योंकि उनके पास न तो भूमि थी न ही कोई अधिकार। कहते हैं संयमी और दूरदर्शी व्यक्ति कभी हौसला नहीं खोते तथा केवल लक्ष्यदृष्टा होते हैं। स्कंदवर्मन ने अपने विश्वासपात्र साथियों के साथ खुले वातावरण में बैठक की तथा अपने दिवास्वप्न से मित्रो को अवगत कराया। वे महाकांतार से वाकाटकों को खदेड़ कर नल-राज पताका पुन: प्रशस्त करना चाहते थे। सभी साथी हँस पडे; यह असंभव था। वह तथाकथित राजा जो इस समय पत्थर पर बैठ कर चन्द साथियों को सम्बोधित कर रहा हो महान वाकाटक सत्ता को खदेड़ना चाहता था – नितांत असंभव ही तो था।  

क्या उन्होंने दिवास्वप्न देखा था? स्कंदवर्मन एक कुशल योजनाकार थे; अद्भुत संगठन क्षमता थी उनमें।  वे स्वयं घर घर पहुँचने लगे। उनका चित्ताकर्षक व्यक्तित्व और प्रखर वक्ता होना शनै:-शनै: कार्य करने लगा। राजधानी से दूर महाकांतार की सीमाओं में रह रही प्रजा को सैन्य-प्रशिक्षण दिया जाने लगा। बीस सैनिकों की संख्या दो सौ में बदली। दो सौ सैनिकों की संख्या दो हजार तक पहुँची और दिन प्रति दिन नागरिक जुटते रहे। वाकाटक राजाओं को कमजोर करने का कार्य उनकी जन-विरोधी नीतियों नें भी स्वत: कर दिया था। वाकाटकों से असंतुष्ट धनाड्यों ने चुप-चाप स्कंदवर्मन तक आर्थिक मदद भी पहुँचायी। पहले छापामार शैली में छुट-पुट आक्रमण किये गये। छोटी छोटी जीत, शस्त्रों और सामंतों के पास संग्रहित करों की लूट से प्रारंभ हुआ अभियान अब स्वरूप लेने लगा। वाकाटकों के आधीन अनेकों सामंतो ने अवसर को भांपते हुए अपनी प्रतिबद्धता बदल ली। महाकांतार के आधे से अधिक भाग से पृथ्वीषेण खदेड़ दिये गये, नल-त्रिपताका का गौरव लौटने लगा। इधर राजा पृथ्वीषेण की मृत्यु के पश्चात वाकाटक और भी कमजोर हुए थे; ज्येष्ठ पुत्र देवसेन नें महाकांतार की सत्ता संभाल ली थी। 

अपनी ओर बढते हुए खतरे को भाँप कर नन्दिवर्धन किले को सुरक्षित करने में स्वयं राजा देवसेन ने रुचि ली; किंतु चिड़िया के खेत चुगने के बाद। स्कंदवर्मन के हाँथियों ने नन्दिवर्धन किले के मुख्यद्वार को धकेलना आरंभ किया ही था कि राजधानी को साँप सूंघ गया। देवसेन के लिये यह समझ पाना ही कठिन हो रहा लगा था कि कैसे इतने अल्पकाल में नल पुन: शक्तिशाली हो गये हैं। मुख्य द्वार तोड़ दिया गया। पैदल सैनिक शोर करते हुए किले के भीतर घुस आये। पीछे पीछे घुड़सवार सैनिकों ने मोर्चा संभाला हुआ था। तभी महल के उपर ‘श्वेत-ध्वज’ लगा दिया गया। सुसज्जित हाँथी पर लगे स्वर्ण हौदे पर आसीन हो कर स्कंदवर्मन ने नन्दिवर्धन किले के भीतर प्रवेश किया। देवसेन को उसी शैली में  निर्वासित कर दिया गया जैसा हश्र कभी अर्थपति भट्टारक का हुआ था। अपने पुत्र हरिषेण और कुछ विश्वासपात्र साथियों के साथ वे कोशल की ओर भाग गये।    

यह घटना प्राचीन अवश्य है किंतु इसकी प्रासंगिकता में लेशमात्र भी कमी नहीं आयी है। जनता उसी के साथ खडी होती है जो स्वयं जमीन से आ कर जुडे। यही किसी आन्दोलन का प्राचीनतम स्वरूप है तथा एसे ही आज भी संघर्ष होते हैं। इस उदाहरण का यह अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिये कि उसी महाकांतार क्षेत्र में आज जारी माओवादी आतंकवाद को जन-संघर्ष कह दिया जाये। हमे यह समझना चाहिये कि क्रांतिकारी कनपट्टी पर बन्दूक धर दिये जाने से पैदा नहीं होते। क्रांति का अंतिम लक्ष्य भले ही वैश्विक हो तथापि वह अपने नितांत क्षेत्रीय व लौकिक कारणों की उपलब्धता के बाद ही किसी क्षेत्र में पनप सकती है। स्कंदवर्मन एक जननायक इस लिये थे क्योंकि वे जुडना जानते थे जिसके लिये आम जन की निजता, उनके सरोकारों, उनकी मान्यताओं, उनकी परम्पराओं की हत्या करने की आवश्यकता नहीं है जैसा कि वर्तमान में माओवादी कर रहे हैं। एक जननायक को एक आम आदिवासी का वैसे ही बन जाने की आवश्यकता है जैसे कि वे स्वयं हैं। कंधे पर बंदूख की बट मार मार कर लाये जाने वाले बदलाव कभी शास्वत नहीं हो सकते अपितु इससे एक भटका हुआ समाज जन्म लेगा जो अपनी जडों से बलात काट दिये जाने के कारण नितांत अदूरदर्शी और घातक हो सकता है। बस्तर में स्कंदवर्मन को पहला जन नायक कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी तथा वाकाटकों को महाकांतार अर्थात प्राचीन बस्तर क्षेत्र से खदेडने को पहली सफल क्रांति भी कहा जा सकता है। यह भी उल्लेखनीय है कि नल राजाओं का शासनकाल जन-प्रियता तथा स्थिरता के लिये जाना जाता है चूंकि उनमें जमीन से जुडे होने की दक्षता विद्यमान थी। 

Monday, December 17, 2012

लाला जगदलपुरी जी को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें



बस्तर और लाला जगदलपुरी पर्यायवाची शब्द हैं [आलेख] 
-----

यह असाधारण सत्य है कि छत्तीसगढ राज्य का बस्तर क्षेत्र अगर किसी एक व्यक्ति को अपनी साहित्यिक-सांस्कृतिक पहचान के रूप में जानता है तो वह लाला जगदलपुरी हैं। तिरानबे वर्ष की आयु, अत्यधिक क्षीण काया तथा लगभग झुक चुकी कमर के बाद भी लाला जी अपनी मद्धम हो चुकी आँख को किसी किताब में गडाये आज भी देखे जाते हैं। अब एक छोटे से कमरे में सीमित दण्डकारण्य के इस ऋषि का जीवन असाधारण एवं अनुकरणीय रहा है। लाला जगदलपुरी दो व्यवस्थाओं के प्रतिनिधि हैं; उन्होंने राजतंत्र को लोकतंत्र में बदलते देखा तथा वे बस्तर में हुई हर उथलपुथल को अपनी पैनी निगाह से जाँचते-परखते तथा शब्दबद्ध करते रहे। वह आदिम भाषा हो या कि उनका लोक जीवन लाला जी से बेहतर और निर्पेक्ष कार्य अब तक किसी नें नहीं किया है। डोकरीघाट पारा का कवि निवास लाला जगदलपुरी के कारण एक पर्यटन स्थल बना हुआ है तथा एसा कोई बुद्धिजीवी नहीं जो बस्तर पर अपनी समझ विकसित करना चाहता हो वह लाला जी के चरण-स्पर्श करने न पहुँचे। लाला जी की व्याख्या उनका ही एक शेर बखूबी करता है - 

एक गुमसुम शाल वन सा समय कट जाता,
विगति का हर संस्करण अब तक सुरक्षित है। 

मिट गया संघर्ष में सबकुछ यहाँ लेकिन, 
गीतधर्मी आचरण अब तक सुरक्षित है। 
(मिमियाती ज़िन्दगी दहाड़ते परिवेश – 1983)

रियासत कालीन बस्तर में राजा भैरमदेव के समय में दुर्ग क्षेत्र से चार परिवार विस्थापित हो कर बस्तर आये थे। इन परिवारों के मुखिया थे - लोकनाथ, बाला प्रसाद, मूरत सिंह और दुर्गा प्रसाद। इन्ही में से एक परिवार जिसके मुखिया श्री लोकनाथ बैदार थे वे शासन की कृषि आय-व्यय का हिसाब रखने का कार्य करने लगे। उनके ही पोते के रूप में श्री लाला जगदलपुरी का जन्म 17 दिसम्‍बर 1920 को जगदलपुर में हुआ था। लाला जी के पिता का नाम श्री रामलाल श्रीवास्तव तथा माता का नाम श्रीमती जीराबाई था। लाला जी तब बहुत छोटे थे जब पिता का साया उनके सिर से उठ गया तथा माँ के उपर ही दो छोटे भाईयों व एक बहन के पालन-पोषण का दायित्व आ गया। लाला जी के बचपन की तलाश करने पर जानकारी मिली कि जगदलपुर में बालाजी के मंदिर के निकट बालातरई जलाशय में एक बार लाला जी डूबने लगे थे; यह हमारा सौभाग्य कि बहुत पानी पी चुकने के बाद भी वे बचा लिये गये। 

लाला जी का लेखन कर्म 1936 में लगभग सोलह वर्ष की आयु से प्रारम्भ हो गया था। लाला जी मूल रूप से कवि हैं। उनके प्रमुख काव्य संग्रह हैं – मिमियाती ज़िन्दगी दहाडते परिवेश (1983); पड़ाव (1992); हमसफर (1986) आँचलिक कवितायें (2005); ज़िन्दगी के लिये जूझती ग़ज़लें तथा गीत धन्वा (2011)। लाला जगदलपुरी के लोक कथा संग्रह हैं – हल्बी लोक कथाएँ (1972); बस्तर की लोक कथाएँ (1989); वन कुमार और अन्य लोक कथाएँ (1990); बस्तर की मौखिक कथाएँ (1991)। उन्होंने अनुवाद पर भी कार्य किया है तथा प्रमुख प्रकाशित अनुवाद हैं – हल्बी पंचतंत्र (1971); प्रेमचन्द चो बारा कहानी (1984); बुआ चो चीठीमन (1988); रामकथा (1991) आदि। लाला जी नें बस्तर के इतिहास तथा संस्कृति को भी पुस्तकबद्ध किया है जिनमें प्रमुख हैं – बस्तर: इतिहास एवं संस्कृति (1994); बस्तर: लोक कला साहित्य प्रसंग (2003) तथा बस्तर की लोकोक्तियाँ (2008)। यह उल्लेखनीय है कि लाला जगदलपुरी का बहुत सा कार्य अभी अप्रकाशित है तथा दुर्भाग्य वश कई महत्वपूर्ण कार्य चोरी कर लिये गये। यह 1971 की बात है जब लोक-कथाओं की एक हस्तलिखित पाण्डुलिपि को अपने अध्ययन कक्ष में ही एक स्टूल पर रख कर लाला जी किसी कार्य से बाहर गये थे कि एक गाय नें यह सारा अद्भुत लेखन चर लिया था। जो खो गया अफसोस उससे अधिक यह है कि उनका जो उपलब्ध है वह भी हमारी लापरवाही से कहीं खो न जाये; आज भी लाला जगदलपुरी की अनेक पाण्डुलिपियाँ अ-प्रकाशित हैं किंतु हिन्दी जगत इतना ही सहिष्णु व अच्छे साहित्य का प्रकाशनिच्छुक होता तो वास्तविक प्रतिभायें और उनके कार्य ही मुख्यधारा कहलाते। 

लाला जगदलपुरी जी के कार्यों व प्रकाशनों की फेरहिस्त यहीं समाप्त नहीं होती अपितु उनकी रचनायें कई सामूहिक संकलनों में भी उपस्थित हैं जिसमें समवांय, पूरी रंगत के साथ, लहरें, इन्द्रावती, हिन्दी का बालगीत साहित्य, सुराज, छत्तीसगढी काव्य संकलन, गुलदस्ता, स्वरसंगम, मध्यप्रदेश की लोककथायें आदि प्रमुख हैं। लाला जी की रचनायें देश की अनेकों प्रमुख पत्रिकाओं/समाचार पत्रों में भी स्थान बनाती रही हैं जिनमें नवनीत, कादम्बरी, श्री वेंकटेश्वर समाचार, देशबन्धु, दण्डकारण्य, युगधर्म, स्वदेश, नई-दुनिया, राजस्थान पत्रिका, अमृत संदेश, बाल सखा, बालभारती, पान्चजन्य, रंग, ठिठोली, आदि सम्मिलित हैं। लाला जगदलपुरी नें क्षेत्रीय जनजातियों की बोलियों एवं उसके व्याकरण पर भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। लाला जगदलपुरी को कई सम्मान भी मिले जिनमें मध्यप्रदेश लेखक संघ प्रदत्त “अक्षर आदित्य सम्मान” तथा छत्तीसगढ शासन प्रदत्त “पं. सुन्दरलाल शर्मा साहित्य सम्मान’ प्रमुख है। लाला जी को अनेको अन्य संस्थाओं नें भी सम्मानित किया है जिसमें बख्शी सृजन पीठ, भिलाई; बाल कल्याण संस्थान, कानपुर; पड़ाव प्रकाशन, भोपाल आदि सम्मिलित है। यहाँ 1987 की जगदलपुर सीरासार में घटित उस अविस्मरणीय घटना को उल्लेखित करना महत्वपूर्ण होगा हब शानी को को सम्मानित किया जा रहा था। शानी जी स्वयं हार ले कर लाला जी के पास आ पहुँचे और उनके गले में डाल दिया; यह एक शिष्य का गुरु को दिया गया वह सम्मान था जिसका कोई मूल्य नहीं; जिसकी कोई उपमा भी नहीं हो सकती। 

केवल इतनी ही व्याख्या से लाला जी का व्यक्तित्व विश्लेषित नहीं हो जाता। वे नाटककार एवं रंगकर्मी भी हैं। 1939 में जगदलपुरे में गठित बाल समाज नाम की नाट्य संस्था का नाम बदल कर 1940 में सत्यविजय थियेट्रिकल सोसाईटी रख दिया गया। इस ससंथा द्वारा मंचित लाला जी के प्रमुख नाटक थे – पागल तथा अपनी लाज। लाला जी नें इस संस्था द्वारा मंचित विभिन्न नाटकों में अभिनय भी किया है। 1949 में सीरासार चौक में सार्वजनिक गणेशोत्सव के तहत लाला जगदलपुरी द्वारा रचित तथा अभिनित नाटक “अपनी लाज” विशेष चर्चित रहा था। लाला जी बस्तर अंचल के प्रारंभिक पत्रकारों में भी रहे हैं। वर्ष 1948 – 1950 तल लाला जी नें दुर्ग से पं. केदारनाथ झा चन्द्र के हिन्दी साप्ताहित “ज़िन्दगी” के लिये बस्तर संवाददाता के रूप में भी कार्य किया है। उन्होंने हिन्दी पाक्षिक अंगारा का प्रकाशन 1950 में आरंभ किया जिसका अंतिम अंक 1972 में आया था। अंगारा में कभी ख्यातिनाम साहित्यकार गुलशेर अहमद खां शानी की कहानियाँ भी प्रकाशित हुई हैं; उल्लेखनीय है कि शानी भी लालाजी का एक गुरु की तरह सम्मान करते थे। लाला जगदलपुरी 1951 में अर्धसाप्ताहिक पत्र “राष्ट्रबंधु” के बस्तर संवाददाता भी रहे। समय समय पर वे इलाहाद से प्रकाशित “लीडर”; कलकत्ता से प्रकाशित “दैनिक विश्वमित्र” रायपुर से प्रकाशित “युगधर्म” के बस्तर संवादवाता रहे हैं। लालाजी 1984 में देवनागरी लिपि में निकलने वाली सम्पूर्ण हलबी पत्रिका “बस्तरिया” का सम्पादन प्रारंभ किया जो इस अंचल में अपनी तरह का अनूठा और पहली बार किया गया प्रयोग था। लाला जी न केवल स्थानीय रचनाकारों व आदिम समाज की लोक चेतना को इस पत्रिका में स्थान देते थे अपितु केदारनाथ अग्रवाल, अरुणकमल, गोरख पाण्डेय और निर्मल वर्मा जैसे साहित्यकारों की रचनाओं का हलबी में अनुवाद भी प्रकाशित किय जाता था। एसा अभिनव प्रयोग एक मिसाल है; तथा यह जनजातीय समाज और मुख्यधारा के बीच संवाद की एक कडी था जिसमें संवेदनाओं के आदान प्रदान की गुंजाईश भी थी और संघर्षरत रहने की प्रेरणा भी अंतर्निहित थी। 

लाला जगदलपुरी से जुडे हर व्यक्ति के अपने अपने संस्मरण है तथा सभी अविस्मरणीय व प्रेरणास्पद। लाला जगदलपुरी के लिये तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह नें शासकीय सहायता का प्रावधान किया था जिसे बाद में आजीवन दिये जाने की घोषणा भी की गयी थी। आश्चर्य है कि मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शासन नें 1998 में यह सहायता बिना किसी पूर्व सूचना के तब बंद करवा दी; जिस दौरान उन्हें इसकी सर्वाधिक आवश्यकता थी। लाला जी नें न तो इस सहायता की याचना की थी न ही इसे बंद किये जाने के बाद किसी तरह का पत्र व्यवहार किया। यह घटना केवल इतना बताती है कि राजनीति अपने साहित्यकारों के प्रति किस तरह असहिष्णु हो सकती है। लाला जी की सादगी को याद करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार हृषिकेष सुलभ एक घटना का बहुधा जिक्र करते हैं। उन दिनों मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह जगदलपुर आये थे तथा अपने तय कार्यक्रम को अचानक बदलते हुए उन्होंने लाला जगदलपुरी से मिलना निश्चित किया। मुख्यमंत्री की गाडियों का काफिला डोकरीघाट पारा के लिये मुड गया। लाला जी घर में टीन के डब्बे से लाई निकाल कर खा रहे थे और उन्होंने उसी सादगी से मुख्यमंत्री को भी लाई खिलाई। लाला जी इसी तरह की सादगी की प्रतिमूर्ति हैं। आज उम्र के चौरानबे वसंत वे देख चुके हैं। कार्य करने की धुन में वे अविवाहित ही रहे। जगदलपुर की पहचान डोकरीनिवास पारा का कवि निवास अब लाला जगदलपुरी के भाई व उनके बच्चों की तरक्की के साथ ही एक बडे पक्के मकान में बदल गया है तथापि लाला जी घर के साथ ही लगे एक कक्ष में अत्यधिक सादगी से रह रहे हैं। लाला जी अब ठीक से सुन नहीं पाते, नज़रें भी कमजोर हो गयी हैं। भावुकता अब भी उतनी ही है; हाल ही में जब मैं उनसे मिला था तो वे अपने जीवन के एकाकीपन से क्षुब्ध थे तथा उनकी आँखें बात करते हुए कई बार नम हो गयीं। लाला जगदलपुरी के कार्यों, उपलब्धियों व जीवन मूल्यों को देखते हुए उन्हें अब तक पद्म पुरस्कारों का न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। लाला जगदलपुरी को पद्मश्री प्रदान करने माँग अब कई स्तरों पर उठने लगी है; यदि सरकार इस दिशा में प्रयास करती है तो यह बस्तर क्षेत्र को गंभीरता से संज्ञान में लेने जैसा कार्य कहा जायेगा चूंकि बस्तर और लाला जगदलपुरी पर्यायवाची शब्द हैं।

-----------

प्रस्तुत चित्र लाला जगदलपुरी जी के कल और आज का है। एक चित्र जब लाला जगदलपुरी युवा थे तथा एक वर्तमान का चित्र केवल दो माह पुराना। लाला जगदपुरी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें। उनका आशीर्वाद हमेशा हमारे सर पर बना रहे। माँ दंतेश्वरी से यही मंगल कामना है। 

Friday, December 14, 2012

बस्तर की नल सत्ता (300-925 ई. तक) का सामाजिक आर्थिक पक्ष।

सांध्य दैनिक ट्रू-सोल्जर में दिनांक 14.12.12 को प्रकाशित
प्राचीन बस्तर के नल साम्राज्य की सामाजिक-आर्थिक दशा और दिशा का विवेचन आवश्यक है। यह युग जब मौर्य साम्राज्य का पतन हो गया था; गुप्त साम्राज्य नें महाकांतार को शासन स्वायत्ता दे दी और वे भी उत्तर भारत की राजनीति में ही केन्द्रीभूत रह गये। महाकांतार की राजनीति को वाकाटक सत्ता की एक मात्र चुनौती निरंतर मिलती रही थी इसके बाद भी नल साम्राज्य (300-925 ई. तक) नें शांतिप्रिय एवं स्थिर सत्ता प्रदान की। राजनीतिक स्थिरता के साथ ही साथ यह समय एक महान धार्मिक आन्दोलन के पटाक्षेप का भी रहा; अब बुद्ध और जैन धर्म के ज्ञान और दर्शन का आलोक सिमटने लगा था। वैदिक धर्म का पुनरुत्थान होने लगा। 

नल साम्राज्य के समय का महाकांतार केन्द्रीय सत्ता के अंतर्गत अनेकों अर्ध स्वतंत्र राज्यों में बटा हुआ था जिन्हें मण्डल कहा जाता था। उस काल के ज्ञात मण्डल हैं - चक्रकोट्ट मंडल (यह वेंगी तथा दक्षिण कोसल के मध्य अवस्थित था जिसपर इस क्षेत्र को बस्तर तथा कोरापुट क्षेत्र की सम्मिलित क्षेत्र में उपस्थित माना जा सकता है जिसकी राजधानी बारसूर थी); भ्रमरकोटय मण्डल (यह चक्रकोट्ट मण्डल का पूर्वी क्षेत्र रहा है। इसे आधुनिक उपरकोट कहा जा सकता है तथा राजधानी तरभ्रमरक थी। यहाँ नल आधीनता में तुष्टीकर राजवंश का शासन चल रहा था);  खिडिडरश्रृंग मण्डल (धारकोट, बडबढ, शेरगढ तथा सोरढ जमीन्दारियों का संयुक्त क्षेत्र); कमल मण्डल (कालाहाण्डी तथा राजिम का क्षेत्र);  वड्डाडि मण्डल (यह मदगोल क्षेत्र का वाचक है तथा नरसीपटम के पूर्व में अवस्थित है); शूय क्षेत्र (बस्तर से लगा कालाहाण्डी का क्षेत्र); नलवाडी (यह अनेक मण्डलों का समूह रहा होगा तथा नल सत्ता का केन्द्रीय क्षेत्र होना चाहिये); कमण्डलु पट्ट (यह एक जनपद का वाचक था जिसके अंतर्गत भीमनगर ग्राम भी आता था)। राज्य की इकाईयो के रूप में मण्डल, भोग, विषय, पुर, ग्राम आदि विभाजन प्रचलित थे। प्रत्येक मण्डल में अनेक छोटे प्रांत आते थे जिसके अधिकारी सामंत कहे जाते थे। छोटे प्रांतो के बाद की इकाई राष्ट्र थी जिसके अधिकारी राष्ट्रकूट कहे जाते थे। राष्ट्र भुक्तियों में बँटा हुआ था जिसके बाद की इकाई पुर (नगर) तथा ग्राम थे। नल शासन ’सम्राट केन्द्रित’ था तथा शासक स्वयं को ‘राजा’, ‘महाराज’ अथवा ‘महाराजाधिराज परमेशवर’ आदि विभूषित करते थे। राजा का ज्येष्ठ पुत्र ही राज्याधिकार प्राप्त करता था जिसे भट्टारक कहा जाता था। राजमहिषि को भट्टारिका सम्बोधन प्राप्त था। राजप्रासाद के कर्मचारियों के पद  - रहस्याधिकृत (गुप्तचर विभाग का प्रमुख), महाबलाधाकृत (सेनापति), संधिविग्रहिक (विदेश मंत्री), प्रतीहार, विनयासुर, प्रतिनर्तक, भट (सिपाही) आदि थे। शासन प्रबन्ध अमात्यों (मंत्रियों) द्वारा चलाया जाता था। नल साम्राज्य के अंतिम ज्ञात शासकों में भीमसेन (लगभग 900 – 925 ई.) प्रमुख हैं तथा उनके समय तक सामंत व्यवस्था का पूरी तरह आधुनिकीकरण हो गया था। अब सामंत शक्तिशाली थे एवं अपने क्षेत्र के आंतरिक मामलों में स्वतंत्र होते थे; यद्यपि सामंतो को राजाज्ञा का पालन करना आवश्यक था। सामंतो के कार्यों पर राजा की ओर से संधिविग्रहिक निगरानी रखते थे।

प्राचीन बस्तर में नल-राजशाही अनियंत्रित अथवा निरंकुश नहीं थी। शासक धर्मभीरु थे तथा जनता के सुख-दु:ख में सहभागी भी थे। ज्ञात लगभग सभी नल अभिलेखों में धर्म को सत्ता संचालन का आधार माना गया है जिसके अभाव में नरक की कामना की गयी है – “षष्टि वर्षसहस्त्राणि स्वर्गे नन्दति भूमिद:। आक्षेप्ता चानुमंता च तान्येव नरके वसेत”। अभिलेखों में यह उल्लेख मिलता है कि गाय, ब्राम्हण तथा प्रजा का कल्याण ही राजा का कल्याण है – “स्वस्ति गो ब्रम्हाणप्रजाभ्य: सिद्धिरस्तु”। राजा अत्यंत धर्मभीरु होते थे जिसकी परिणति में ब्राम्हणों को भूमिदान-लाभ प्राप्त होता रहा है। उल्लेख मिलता है कि भवदत्तवर्मन (400-440 ई.) नें अपनी पत्नी अचली भट्टारिका के साथ दाम्पत्य सम्बन्ध से अनुग्रहीत हो कर पाराशरगोत्रीय ब्राम्हण मात्राढयार्य तथा उसके आठ पुत्रों को कदम्बगिरि ग्राम दान में दिया था। अर्थपति (460-475 ई.) नें कौत्सगोत्रीय ब्राम्हण रविरार्य तथा रविदत्तार्य को केसेलक गाँव दान में दिया था। स्कंदवर्मा (475-500 ई.) नें अपने माता-पिता तथा पितामह के धर्मलाभार्थ, पुष्करी में भगवान विष्णु का पवित्र पादमूल निर्मित करवाया था। विलासतुंग (700-740 ई.) नें अपने स्वर्गीय पुत्र की पुण्याभिवृद्धि के लिये विष्णु मंदिर का निर्माण करवाया तथा काश्यपगोत्रीय ब्राम्हण भट्टपाजूनि को कूर्मतला नामक गाँव दान दिया था। भवदत्त वर्मा के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र से यह ज्ञात होता है कि उस युग में न्याय का अलग विभाग रहा होगा जिसका कार्य सभी विवादों व झगडों को निबटाना रहा होगा – “सर्ववाद परिहीन:”; अंतिम न्यायाधीश राजा हुआ करता था।   

नल युगीन प्राचीन बस्तर की जीवन शैली में वेद-वर्णित चारो वर्णों (ब्राम्हण-क्षत्रिय-वैश्य-शूद्र) का उल्लेख मिलता है। इसके अतिरिक्त कुछ व्यवसाय भी जो उस समय प्रचलित थे जैसे शिल्पकार, स्वर्णकार, लौहकार आदि भी बाद में जाति सूचक हो गये। वैश्यों की संख्या समाज में सर्वाधिक थी तथा व्यावसायी, उद्योगपति, पशुपालक आदि होने के कारण यह धनी वर्ग था तथा राज्य को प्रमुखता से कर इसी वर्ग से प्राप्त होता था। प्राचीन बस्तर में जाति व्यवस्था का बहुत कठोरता से पालन होता होगा एसा प्रतीत नहीं होता। राजा भवदत्त वर्मा (क्षत्रिय) की पत्नि अचली (वैश्य) थी। भवदत्त वर्मा के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र का टंकणकर्ता/खनक एक ब्राम्हण - पद्दोपाध्याय का पुत्र बोपदेव है – ‘पद्दोपाध्यायपुत्रस्य पुत्रेण बोप्पदेवेन क्षतिमिदं’। उस युग में उपाध्याय वेदपाठी ब्राम्हण होते थे तथा बोपदेव द्वारा खनक (खनक जाति शूद्र मानी गयी है) का कार्य करना समाज में एक प्रकार के खुलेपन की दिशा बताता है। निश्चित ही समाज में दास प्रथा भी विद्यमान रही होगी। एक प्राचीन नल अभिलेख में ‘जांतुरदास’ का उल्लेख किया गया है – “भक्त्या जांतुरदासेन”। किंतु इस विवरण के साथ यह भी ज्ञात होता है कि जांतुरदास एक कवि थे एवं राजा स्कन्दवर्मा के पोडागढ अभिलेख के वे रचयिता थे; यह कार्य ब्राम्हणों का माना जाता था।  तद्युगीन एक दास द्वारा अभिलेख लेखन एवं छंद रचना किया जाना यह दर्शाता है कि सामाजिक जटिलतायें - रूढीवादिता और ढकोसलावाद में इस समय तक तब्दील नहीं हुई थीं। जान्तुरदास नें पोड़ागढ अभिलेख में तेरह पद्यों की रचना आर्या तथा अनुष्टुप छंदो के अंतर्गत की है। जांतुरदास का यह छंद देखिये जिसमें अंत्यानुप्रास अलंकार अद्भुत रूप में प्रयुक्त हुआ है – “अप्रवेश्यं भटैश्चेदं सदां करविसर्जितं। श्रीचक्रद्रोणपुत्रायं यथोचितं”। समाज में आश्रम व्यवस्था का भी आंशिक रूप से ही पालन होने के प्रमाण मिलते हैं। स्कंदवर्मा के अभिलेखों में अग्रहार का उल्लेख है; अग्रहारों में ब्रम्हचारी शिक्षा ग्रहण किया करते थे। इस युग के प्राय: सभी ज्ञात ब्राम्हण गृहस्थ थे। वानप्रस्थ तथा सन्यास को एक ही आश्रम – ‘यति’ माना जाने लगा था। कालिदास नें भी अपनी कृति रघुवंश में तीन ही आश्रम का उल्लेख किया है। उल्लेख मिलता है कि राजा स्कंदवर्मन नें यतियों को दक्षिणा दी – “सत्वोपभोज्यं विप्राणां यतीनात्जच विशेषत:”। नल अभिलेखों में चार ऋणों से मुक्त होने की अवधारणा के प्रचलन का भी संकेत मिलता है। देवऋण से मुक्त होने के लिये यज्ञ, ऋषिऋण से मुक्त होने के लिये अध्ययन, पितृऋण से मुक्त होने के लिये संतानोत्पत्ति तथा मनुष्यऋण से मुक्त होने के लिये गो-ब्राम्हण पूजा समाज में व्याप्त थी। 

नलयुगीन बस्तर का समाज मूल रूप से संस्कृतभाषी था। भाषा में प्राकृत तथा स्थानीयता के प्रभाव के उदाहरण भी कहीं कहीं दृष्टिगोचर होते हैं। ताम्रपत्रों-शिलालेखों से उद्धरित कुछ नाम जैसे मालि, बोप्पदेव, सामंताक, आगिस्मामि, भट्टपाजिनि आदि प्राकृत के निकट हैं। यह संभावना बनती है कि आदिवासी तथा कृषक समाज संस्कृत समझता अवश्य रहा होगा किंतु जनसाधारण की बोलचाल की अपनी ही भाषा-बोली विद्यमान रही होगी। इस युग में नारी की स्थिति संतोषजनक मानी जा सकती है। उसे यज्ञादि में समान रूप से भाग लेने का अधिकार था साथ ही राजस्त्रियों द्वारा दान आदि किये जाने के उल्लेख ताम्रपत्रों व शिलालेखों से प्राप्त होते हैं। अभिजात्य वर्ग द्वारा पहने जाने वाले वस्त्र कलात्मक होते थे जिसकी पुष्टि उस युग की प्राप्त मूर्तियों से होती है। राजिम स्थित राजा विलासतुंग द्वारा निर्मित मूर्तियों में मुमुट, वैजयंतिमाला, केयुर, कुण्डल, भुजबन्ध, कंगण, हार, कर्णशोभन, तीन लडियों वाली मोतियों की माला आदि गहने प्रमुखता से देखे गये है। तद्युगीन देव-मूर्तियाँ कई प्रकार के केश विन्यासों एवं बालों में पुष्पसज्जा की ओर इशारा करती हैं जिससे सहज अंदाजा लगता है कि समाज में श्रंगार महत्वपूर्ण स्थान रखता था। भोजन के प्रकारों का विवरण नहीं मिल सका है किंतु क्षीर तथा सोम का पेय में प्रचलन था। बस्तर क्षेत्र में महुवे के पेड बहुतायत संख्या में है अत: स्वाभाविक था कि मधुकलतिया (महुवे की शराब) चलन में थी। अभिलेखों के अनुसार मनोरंजन के लिये शिकार करने तथा जलक्रीडा किये जाने का उल्लेख मिलता है। राजिम से प्राप्त मूर्तियों में मृदंग दृष्टव्य है तथा देवी देवताओं की नृत्य मुद्रा दृश्टिगोचर हो रही है; यह निर्विवाद है कि नृत्य संगीत आमोद-प्रमोद का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे होंगे। 

वैदिक युग से ही दो तरह के सिक्के राजवंशो द्वारा चलन में लाये गये थे पहला ‘निष्क’ जो कि चित्रपूर्ण तथा अंक पूर्ण मुद्रा थी जब की दूसरी ‘हिरण्य’ कहलाती थी; यह  स्वर्ण पिण्ड मात्र होता था किंतु उसपर कोई चित्र या अंक नहीं उकेरा जाता था। नलवंशीय बस्तर में ये दोनो ही प्रकार चलन में थे। घना जंगल और अत्यधिक पिछडा क्षेत्र कहे जाने वाले आज के बस्तर में एक समय में स्वर्ण तथा रौप्य (चाँदी) मुद्राओं से अर्थव्यवस्था संचालित थी यह बात आश्चर्य से भर देती है। बात 1939 ई. की है जब स्थानीय प्रशासन को किसी व्यक्ति के पास राजनान्दगाँव के एडेंगा गाँव से प्राचीन सोने के सिक्के पाये जाने की भनक लगी; जब तक उन्हें प्राप्त किया जाता, एक सोनार नें कई सिक्के गला दिये थे। यह नल युगीन बस्तर की विरासत थी। यह सौभाग्य था कि बत्तीस सोने के सिक्के अच्छी हालत में प्राप्त कर लिये गये; इनमें उनत्तीस सिक्कों पर वाराहराज (400-440 ई.); एक सिक्के पर भवदत्तराज (400-440 ई.) तथा दो सिक्कों पर अर्थपतिराज (460-475 ई.) अंकित है। राज्य की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार “कर-प्रणाली” थी। एडेंगा से प्राप्त राजों के नाम अंकित मुद्राओं के अतिरिक्त राजा भवदत्त के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र के अनुसार सभी कृषकों को हिरण्य अथवा अन्य प्रकारों (रौप्य, अन्न आदि) से कर चुकाने के निर्देश दिये गये हैं – “विषयोचिता: हिरण्यादय: सर्व्वप्रत्याया: दातव्या:”। राज्य द्वारा दान में दी गयी भूमि पर भी निश्चित कर लिया जाता था। राज्य एसी समस्त भूमि का स्वामि था जिसका कोई उत्तराधिकारी न हो शेष निजी सम्पत्ति होते थे तथा उन पर भूमिकर देय था। निजी सम्पत्ति माने जाने के कारण भूमि का क्रय-विक्रय भी होता था। भूमि के मानक माप निवर्तन (लगभग ढाई एकड) , हल (लगभग 5 एकड) तथा वाटक (यह 5 कुल्यवाप के बराबर होता था; एक कुल्यवाप निर्धारित आकार की टोकरी भरे बीज बोये जाने जितनी क्षमता भर भूमि होती थी) थे। तौल भी पूर्णत: विकसित प्रक्रिया थी। सोना चाँदी तौलने के लिये कर्ष (80 रत्ती) या पल (320 रत्ती) प्रयोग में आते थे। भारी वस्तुओं के लिये माप थे कुडव (चार पल के बारबर); प्रस्थ (चार कुडव के बराबर); आढक (चार प्रस्थ के बाराबर); द्रोण (चार आढक के बराबर) आदि।  

नल समृद्ध और शक्तिशाली थे। उनके समकालीन भारत के मध्य क्षेत्र में वाकाटक शक्तिशाली सत्ता थी जिनकी दृष्टि प्राचीन बस्तर क्षेत्र पर कई कारणों से हमेशा लगी रही। पहला कि कलिंग और वाकाटकों के बीच में बडी दीवार थे नल और दूसरा व्यापार की दृष्टि से उत्तर से दक्षिण की ओर जाने का मार्ग नल राज्य की सीमा से हो कर गुजरता था। इस परिस्थिति में भी प्राचीन बस्तर में नल सत्ता वह गौरवशाली अतीत है जिसे वाकाटकों द्वारा रौंदा नहीं जा सका। कुछ प्रश्न अवश्य उठते हैं कि आदिवासी समाज और सत्ता के बीच कैसे सम्बन्ध रहे होंगे? क्या नल साम्राज्य के विषय में हम अब तक जितना जानते हैं वह आदिवासियों की अवस्थिति तथा उनकी दशा दिशा का प्रस्तुतिकरण नहीं है? एसा नहीं मानने के कई कारण उपलब्ध हैं पहला कि वह आदिवासी समाज जो मौर्य सेना में अपनी हिस्सेदारी निभाता रहा हो नल सत्ता की निश्चित ही ढाल बनता रहा होगा। दूसरा कि मुख्यधारा की राजनीति से बस्तर के आदिवासी 1966 के बाद पृथक हुए हैं अन्यथा इस अंचल की प्रजा जागरूक भी रही है तथा साहसी भी। आदिवासी जनता ही राजा की पदाति सेना, कृषक तथा आखेट की सहयोगी रही होगी। उल्लेख मिलते हैं कि नल शासकों की कृषि से आय सीमित थी। इसका कारण आदिवासी समाज में दाही/स्थानांतरिक तथा सामूहिक खेती का प्रचलन तथा कृषि के सदियों पुराने तरीकों का विद्यमान होना था। बस्तर एक लचीला समाज भी रहा है इसलिये जीवित तथा जिन्दादिल है और लम्बे समय से अपनी पहचान बनाये रख सका है। नल साम्राज्य का बार बार व विभिन्न कोणों से विश्लेषण आवश्यक है चूंकि आज की स्थिति तक पहुँचने की पडताल हमें प्राचीन बस्तर के अतीत में उतर कर इसी विन्दु से करनी होगी। एसा क्यों हुआ कि जिस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था स्वर्ण मुद्रायें संचालित करती हों वह कौडियों का हो कर रह गया? एसा क्यों हुआ कि जहाँ जान्तुरदास जैसे कवि और विद्वान रहे थे वह अशिक्षा और अंधकार के दलदल की ओर जाता गया? एसा क्यों हुआ कि जहाँ बुद्ध का भी प्रभाव रहा और महावीर का भी; जहाँ ह्वेनसांग भी आये और नागार्जुन भी वह क्षेत्र पहचान खोने की स्थिति तक पहुँच गया? इतिहास के अगले पन्ने सम्भवत: इन प्रश्नों का उत्तर रखते हों। उपसंहार में यह कहा जा सकता है कि नल शासन काल बस्तर के सर्वश्रेष्ठ समयों मे रहा है। बस्तर के इतिहास में नल शासक हमेशा वह बुनियाद माने जायेंगे जहाँ से संगठित सत्ता तथा व्यवस्थित प्रशासन का प्रारंभ होता है।

Friday, December 07, 2012

क्या बस्तर के ‘नल वंशीय शासक’ मूलत: आदिवासी थे?

सांध्य दैनिक ट्रू-सोल्जर में दिनांक 6.12.12 को प्रकाशित 

महाभारत के ‘नलोपाख्यान’ में नल-दमयंती की अतयंत रोचक प्रेम-कहानी वर्णित है। यही कथा महाकांतार क्षेत्र से नलों का सम्बन्ध जोडने की एकमात्र कडी प्रतीत होती है। विदर्भ देश के राजा भीम की पुत्री दमयंती और निषध के राजा वीरसेन के पुत्र नल दोनों ही अति सुंदर थे तथा एक दूसरे की प्रशंसा सुनकर बिना देखे ही परस्पर प्रेम करने लगे। विवाहेच्छुक इन्द्र, वरुण, अग्नि तथा यम दमयंती के स्वंवर में पहुचे तथा प्रेमकहानी ज्ञात होने के कारण वे सभी नल का रूप धारण कर ही आये थे। प्रेम को सही प्रेमी की पहचान स्वत: हो जाती है तथा इसके बाद नल-दमयंती का मिलन हो जाता है। इसी बीच नल अपने भाई पुष्कर से जुए में अपना सब कुछ हार जाता है। दोनों प्रेमी-दम्पति बिछुड़ जाते है; दमयंती चेदि देश के राजा सुबाहु की पत्नि की सैरन्ध्री बन कर कुछ समय व्यतीत करती है, किंतु फिर अनेक कष्टों से गुजर कर अपने पैत्रिक परिवार में पहुंच जाती है। इस बीच नल का संघर्ष जारी है तथा उसे कर्कोटक नामक के सांप नें डस लिया था जिससे कि उसका रंग काला पड़ गया था। दोनो प्रेमी विरहातुर हैं, मिलना चाहते हैं; लेकिन एक दूसरे को बेहतर जीवन देने की चाहत है इस लिये नल यह जान कर भी दमयंति से नहीं मिलते कि वह कहाँ है। दमयंति के पिता इस प्रेम के मर्म को जानते हैं अत: नल को ढूंढने की युक्ति लगाई जाती है; वे दमयंती के स्वयंवर की घोषणा करते हैं। कश्मकश तथा संघर्ष का अंत होता है जब नल-दमयंती का पुन: मिलन होता है। कथा सुखांत है तथा इसके अंत में अपने सौतेले भाई पुष्कर से पुनः जुआ खेलकर नल अपना खोया हुआ राज्य-सम्पदा पुन: प्राप्त कर लेते हैं। विस्तार से पढने योग्य यह कथा अत्यधिक रोचक है जिसमें स्थान स्थान पर प्रेम के लिये किये जाने वाले संघर्ष तथा बलिदान तथा विश्वास की पराकाष्ठा प्रतीत होती है। 

कहा जाता है कि इसी नल राजा के वंशजों नें नल साम्राज्य की नींव रखी थी। शतपथ ब्राम्हण में ‘नल नैषध’ का उल्लेख है। यह एक एसा राजा प्रतीत होता है जिसकी तुलना मृत्यु के देवता यम से की गयी है। पाणिनी नें अष्टाध्यायी में निषध राज्य का उल्लेख किया है जिसे विदर्भ से लगा हुआ बताया गया है। इसके अलावा संस्कृत का प्रसिद्ध महाकाव्य श्रीहर्षकृत ‘नैषधीयचरित’ तथा त्रिविक्रम भट्ट की कृति ‘नलचम्पू’ आदि के साथ साथ नल राजाओं का विवरण वाण की ‘कादम्बरी’ एवं सोमदेव के ‘कथासरित्सागर’ में भी प्राप्त होता है। रामायण में उल्लेख है – नैषणं दमयंतीव भैमी पतिमनुव्रता। तथाहमिक्ष्वाकुवरं रामं पतिमनुव्रता (सुन्दरकाण्ड सर्ग 24; 9.13)॥ इस श्लोक में उल्लेख है कि सीता अपने पतिव्रत की तुलना दमयंती से करती हैं। इन पौराणिक आख्यानों व उद्धरणों का सम्बन्ध भारत के किस क्षेत्र से रहा है यह जानना आवश्यक हो जाता है। पाणिनी के विदर्भ से लगा क्षेत्र नल-राज्य की सीमा अथवा दिशा प्रदान नहीं करता। विष्णु पुराण के अनुसार विन्ध्य तथा पयोष्णि के पास निषध का होना माना जाता है लेकिन यह जानकारी भी उचित उत्तर प्रदान नहीं करती। महाभारत में निषध की राजधानी ‘गिरिप्रस्थ’ बतायी गयी है इस आधार पर उपरोक्त सभी सम्मितियों को जोड कर इतिहासकार डॉ हीरालाल शुक्ल नैषध को ‘महाकांतार’ अथवा ‘महावन’ के साथ जोड कर देखते हैं जो कि प्राचीन बस्तर का क्षेत्र है। इस क्षेत्र में अनेक नाम नल से जुडे हुए हैं जैसे - नलमपल्ली, नलगोंडा, नलवाड़, नलपावण्ड, नड़पल्ली, नीलवाया, नेलाकांकेर, नेलचेर, नेलसागर आदि। शास्त्रों में उल्लेख है कि कर्कोटक नाम के सर्प नें नल को डसा था; बस्तर में ककोटिक और इससे मिलते कई गाँव हैं। इतना ही नहीं बस्तर की प्राण सरिता इन्द्रावती का नाम-साम्य नल-दम्यंति के पुत्र-पुत्री इन्द्रसेना व इन्द्रसेन से मिलता है। 

बस्तर में नलवंश के राजाओं का ज्ञान हमें साहित्यिक, अभिलेखीय तथा मौद्रिक साधनों से ज्ञात होता है। नलों के अभिलेख तीन ताम्रपत्रों, दो शिलालेखों, समुद्र गुप्त का प्रयाग स्तम्भ लेख, प्रभावती गुप्त का दानपत्र, चालुक्य राजा पुलेकिशन द्वितिय का ऐहोल अभिलेख, पल्लव मल्ल नन्दिवर्धन का उदयेन्दिरम ताम्रपत्र तथा नल राजाओं के सिक्के; इस काल का इतिहास जानने के प्रमुख साधन हैं। नलवंश की कमजोरियों का यदा-कदा लाभ सीमावर्ती शासकों ने भी उठाया तथा वेंगी के राजा का भी बस्तर पर आक्रमण हुआ था। उसका कवि बिल्हण अपने काव्यग्रंथ “बिक्रमांक देव चरितम” में बस्तर का उल्लेख कई बार करता है। इन सब के दृष्टिगत भी नल वंश के शासक और उनके बस्तर आगमन व शासन का समय विवादित रहा है (प्राचीन छत्तीसगढ, प्यारेलाल गुप्त, पृ-227)। दण्डकारण्य अंचल तथा छत्तीसगढ के दुर्ग में नलवंशीय शासकों के सिक्के व शिलालेख मिले हैं। अत: इतना निष्कर्ष तो सहज निकाला जा सकता है कि नलों को प्रसिद्धि इसी अंचल से प्राप्त हुई (मध्यप्रदेश के पुरातत्व का संदर्भ ग्रंथ, पृष्ठ 389)। पाँचवी से ले कर आठवी शताब्दी तक नलवंशीय शासक बस्तर तथा दक्षिण कोसल के भूभाग पर राज करते रहे (मध्यप्रदेश के पुरातत्व का संदर्भ ग्रंथ, पृष्ठ 47)। इन संदर्भों के साथ यह प्रश्न उठना भी स्वाभाविक है कि क्या बस्तर के वे नल शासक जिन्होंने लगभग 300-925 ई. तक इन अरण्य क्षेत्रों में शासन किया वे ही ‘नलों’ के वास्तविक उत्तराधिकारी थे? स्वयं नल शासक तो यही मानते थे एवं अपने प्रत्येक अभिलेख मे स्वयं को नलान्वय लिखवाते रहे हैं; प्राप्त शिलालेखों, स्वर्णमुद्राओं तथा ताम्रपत्रों से कुछ एसे ही तथ्य प्रकाश में आये हैं (कलचुरी नरेश और उनका काल पृ 3)। वायुपुराण तथा ब्रम्हाण्ड पुराण से ज्ञात होता है कि नल के वंशज कोसल पर शासन करते थे। ईसा की चैथी शताब्दि से ले कर ग्यारहवी शताब्दी तके के जो आलेख प्राप्त हुए हैं उनमें ‘नलवंश प्रस्तुत’, ’नलवंश कुलांवय’ आदि उल्लेखों के आधार पर इन शासकों को नलवंशी मानने में कोई संदेह नहीं है (बस्तर का राजनैतिक व सांस्कृतिक इतिहास, पृ 15)। 

तथापि बडा प्रश्न यह है कि राजा नल स्वयं तो इक्ष्वाकुवंशीय थे तो यह नल राजवंश पृथक अस्तित्व में कैसे आया एवं इन्हें भी इक्ष्वाकु क्यों नहीं कहा गया? एक समस्या यह भी सामने आती है कि अतीत में अनेक छोटे-बडे राजवंशों नें अपने कुल को महिमामण्डित करने के लिये कभी अपना सम्बन्ध पाण्डवों से जोडा है तो कभी प्राचीन शास्त्रों के किसी चर्चित चरित्र से। क्या एसा ही कोई प्रयास तो बस्तर शासित नलों नें नहीं किया तथा अपनी आरंभिक अवस्था में वे आंचलिक व आदिवासी ही रहे हों? यह संभावना डॉ. हीरालाल शुक्ल भी व्यक्त करते हैं कि नल प्रकृतिपूजक वनवासी रहे होंगे? डॉ. शुक्ल का कथन है कि नल तृणविशेष (शादूलं हरितं प्रोक्तं नड्वलं नलसंयुक्तम – हलायुध कोष में वर्णित) अथवा वृक्षविशेष (नल: पोटगल: शून्यमध्यश्च छमनस्थता। नलस्तु मधुरस्तिक्त: कषाय: कफरक्तजित् – भावप्रकाश में वर्णित) का नाम है एवं बस्तर के नल कहे जाने वाले राजाओं में यह व्याघ्रराज एवं वाराहराज तक प्रतीक चिन्ह रहा होगा एवं इसके बाद के राजाओं तक आते आते पौराणिक यशगाथा से प्रभावित राजा नल ही प्रतीक व वंशक्रम के आदिपुरुष मान लिये गये होंगे। यह संभावना लगती है कि बस्तर के नल आरंभ में वाकाटक राजाओं के आधीन माण्डलिक राजा रहे होंगे किंतु शक्ति संचय के पश्चात वे एक विस्तृत राज्य के अधिकारी बने। प्रतीत होता है कि इसी समय वे अपना आदिवासी आवरण हटा कर आर्य संस्कृति की उस रौ में बह निकले होंगे जिसका कि गुप्त काल और इसके पश्चात तेजी से बढता प्रभाव बस्तर अंचल पर भी पडा था। इतिहास के इतने पुराने कालखण्ड की चर्चा करते हुए एसी कई संभावनाओं को टटोलना आवश्यक हो जाता है। 

महाकांतार (प्राचीन बस्तर) क्षेत्र पर नलवंश के राजा व्याघ्रराज (350-400 ई.) की सत्ता का उल्लेख समुद्रगुप्त की प्रयाग प्रशास्ति से मिलता है। व्याघ्रराज का समय दण्ड़क क्षेत्र पर गुप्त राजवंश के साम्राज्यवादी सम्राट समुद्रगुप्त के आक्रमण के लिये जाना जाता है। यह आश्चर्य का विषय है कि समुद्रगुप्त ने महाकांतार को साम्राज्य का हिस्सा बनाये जाने के स्थान पर नल-राजा व्याघ्रराज को अपनी छत्र-छाया में शासन करने की स्वतंत्रता दी। व्याघ्रराज के बाद वाराहराज (400-440 ई.) महाकांतार क्षेत्र के राजा हुए। वाराहराज ने अपने वन-राज्य में स्वर्णमुद्रायें प्रचलित की जिनमें ‘श्रीवाराहराजस्य’ लिखा गया तथा नंदी अंकित था। एसे 29 सोने के सिक्के एडेंगा से प्राप्त हुए हैं। वाराहराज का शासनकाल वाकाटकों से जूझता हुआ ही गुजरा। राजा नरेन्द्र सेन ने उन्हें अपनी तलवार को म्यान में रखने के कम ही मौके दिये। वाकाटकों ने इसी दौरान नलों पर एक बड़ी विजय हासिल करते हुए महाकांतार का कुछ क्षेत्र अपने अधिकार में ले लिया था। भवदत्त वर्मन (400-440 ई.) ने अपने पिता वाराहराज से मिली सत्ता को प्रसार और सम्पन्नता दी। राज्य की अर्थव्यवस्था ‘श्रीभवदत्तराजस्य’ अंकित स्वर्णमुद्राओं से संचालित होती थी। उनके द्वारा वर्ष 445 ई. के लगभग वाकाटक नरेश नरेन्द्रसेन पराजित हुए, उनकी राजधानी नंदीवर्धन पर भी अधिकार कर लिया गया था। अब महाकांतार से कोशल तक तथा कोरापुट से बरार तक के क्षेत्र पर नंद-त्रिपताका लहराने लगी। भवदत्त वर्मन के देहावसान के बाद अर्थपति भट्टारक (460-475 ई.) राजसिंहासन पर बैठे। अर्थपति एक दानी शासक थे। उनके केसरिबेडा ताम्रपत्र से ज्ञात होता है कि उन्होंने कौत्स गोत्रीय ब्राम्हण दुर्गार्य, रविरार्य तथा रविदत्तार्य को केसेलक गाँव दान में दिया था। अडेंगा में ‘श्री अर्थपति राजस्य’ अंकित दो स्वर्ण मुद्रायें भी प्राप्त हुई हैं। इस समय तक नलों की स्थिति क्षीण होने लगी थी जिसका लाभ उठाते हुए वाकाटक नरेश नरेन्द्रसेन नें पुन: महाकांतार क्षेत्र के बडे हिस्सों पर पाँव जमा लिये। नरेन्द्र सेन के पश्चात उसके पुत्र पृथ्वीषेण द्वितीय (460-480 ई.) नें भी नलों के साथ संघर्ष जारी रखा। अर्थपति भटटारक को नन्दिवर्धन छोडना पडा तथा वह नलों की पुरानी राजधानी पुष्करी लौट आया। पुष्करी के भी अर्थपति के शासनकाल में ही वाकाटकों द्वारा तहस नहस किये जाने के उल्लेख प्राप्त होते हैं। अर्थपति की मृत्यु के पश्चात नलों को कडे संघर्ष से गुजरना पडा जिसकी कमान संभाली उनके भाई स्कंदवर्मन (475-500 ई.) नें जिसे विरासत में एक लुटी हुई सियासत प्राप्त हुई थी। उन्होंने शक्ति संचय किया तथा तत्कालीन वाकाटक शासक पृथ्वीषेण द्वितीय को परास्त कर नल शासन में पुन: प्राण प्रतिष्ठा की। पोड़ागढ का प्रस्तराभिलेख भी स्पष्ट करता है कि स्कंदवर्मन ने नष्ट पुष्करी नगर को पुन: बसारा – “नृपतेर्भवदत्तस्य सत्पुत्रेगान्यान्य संथिताम भ्रष्टामाकृष्य राजर्द्धि शून्यमावास्य पुष्करीयम”। अल्पकाल में ही जो शक्ति व सामर्थ स्कन्दवर्मन नें एकत्रित कर लिया था उसने वाकाटकों के अस्तित्व को ही लगभग मिटा कर रख दिया। उसके समकालीन वाकाटक नरेश देवसेन की विलासिता नें भी स्कन्दवर्मन के साम्राज्य विस्तार में महति भूमिका अदा की थी। यद्यपि स्कंदवर्मा की मृत्यु के पश्चात महाकांतार में नल शासन की अवस्थिति तथा दशा दिशा पर बहुत जानकारियाँ उपलब्ध नहीं हैं। उनके पश्चात के शासकों के नाम व शासनावधि की समुचित जानकारी निकाल पाने में अभी इतिहासकार सफल नहीं हुए हैं। यह प्रतीत होता है कि वाकाटकों नें पुन: नलों को परास्त किया हो। संभावना है कि वाकाटक नरेश हरिषेण नें स्कंदवर्मन के पश्चात के शासको को परास्त कर राज्य विस्तार किया होगा। इसी समय में पूर्वी गंग नाम के एक राजवंश के शक्तिशाली हो कर उदित होने की जानकारी भी प्राप्त होती है। यह विश्वास किया जा सकता है कि वाकाटक नरेश हरिषेण की आधीनता में ही पूर्वी गंग त्रिकलिंग के शासक बने तथा वे वाकाटकों व आन्ध्र के शासकों के बीच प्रतिरोधक का कार्य करते रहे। एक चालुक्य नरेश कीर्तिवर्मन (567-597 ई)  के इस मध्य नलों पर आक्रमण किये जाने के कुछ प्रमाण मिलते हैं जो बताते हैं कि सिमट जाने के बाद भी बस्तर और कोरापुट के कुछ क्षेत्रों पर नलों की पकड बनी ही रही थी। चालुक्य राजा विक्रमादित्य प्रथम (655-788 ई.) के अभिलेख से भी नल शासित क्षेत्रों पर उनके प्रभाव की जानकारी मिलती है। इस उतारचढाव वाले दौर से भी एक तथ्य स्पष्टता से बाहर आता है कि भले ही चालुक्यों का महाकांतार क्षेत्र पर 788 ई. तक बहुत या कम प्रभाव प्रतीत होता है किंतु चालुक्य राजा पुलकेशिन द्वितीय की मृत्यु के पश्चात नल पुन: शक्तिशाली हो उठे और पृथ्वी राज (634-675 ई.) नें महाकांतार में अपने शत्रुओं चालुक्यों तथा पल्ल्वों को परास्त कर नल साम्राज्य को पुन: संगठित किया। अब राजधानी को श्रीपुर (आधुनिक सिरपुर) ले जाया गया। इसके पश्चात विरूपराज (675-700 ई.) का समय अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण प्रतीत होता है। विरूपराज नें राजाधिराज की उपाधि ग्रहण की थी। उनके पश्चात विलासतुंग (700-740 ई.) नें राज्यभार ग्रहण किया। उनके द्वारा उत्कीर्ण राजिम अभिलेख से यह ज्ञात होता है कि उन्होंने अपने स्वर्गीय पुत्र की स्मृति तथा उसके पुण्यलाभ के लिये एक विष्णु मंदिर का निर्माण करवाया था। विलासतुंग नें अपने समय में महनदी तथा तेल नदी के तटवर्ती क्षेत्रों पर अधिकार कर राज्य विस्तार किया। उनके पुत्र पृथ्वीव्याघ्र (740-765 ई.) नें राज्य विस्तार करते हुए नेल्लोर क्षेत्र के तटीय क्षेत्रों पर अधिकार कर लिया था। यह उल्लेख मिलता है कि उन्होंनें अपने समय में अश्वमेध यज्ञ भी किया। पृथ्वीव्याघ्र के पश्चात के शासक कौन थे इस पर अभी इतिहास का मौन नहीं टूट सका है। इसके लगभग डेढ सौ साल के पश्चात पुन: एक नलवंशी शासक भीमसेन (लगभग 900 – 925 ई.) का पता चलता है जिसने गंजाम-कोरापुट क्षेत्र में एक ताम्रपत्र प्रचरित किया था। इस उल्लेख से डेढ सौ साल की खामोशी को पढने की यही संभावना हाँथ लगती है कि सोमवंशियों ने नलों को इस अवधि में गंजाम की ओर धकेल दिया होगा। तथापि भीमसेन द्वारा धारण की गयी उपाधियाँ जैसे परममाहेश्वर, महाराजाधिराज आदि इस दौर का उसे शक्तिशाली शासक निरूपित करती हैं। नलवंश का इतिहास भीमसेन के पश्चात अप्राप्त है; यह संभावना है कि धीरे धीरे नल वंश का महाकांतार में पतन होने लगा। 

नल शासन व्यवस्था के आधीन कई माण्डलिक राजा थे। अतिशयोक्ति नहीं है कि दीर्घकाल तक नल-राजवंश ने महाकांतार क्षेत्र को स्थिर शासन प्रदान किया। मंदाकिनि तथा गोदावरी नदियों ने यात्रिपथ को दक्षिण के वेंगी राज्य से सम्बद्ध कर दिया था, जिससे कि वाणिज्य का विकास हुआ। यह संस्क़ृत-भाषी दण्ड़क वनवासियों का युग था; नल युग में शिक्षा और साहित्य समृद्ध हुआ। प्रशासनिक व्यवस्था में ग्रामीण भागीदारी को समुचित महत्व दिया गया था। किंतु शनै:-शनै: राजा लड़-झगड़ कर मोहताज हो गये। राज्य में सोने की मुद्राओं का स्थान रौप्य अथवा चाँदी की मुद्राओं ने ले लिया। पहले शांति का, फिर समृद्धि का और अंतत: लगभग बारहवी शताब्दि तक नल वंश का महाकांतार से पूरी तरह ह्रास हो गया।