Showing posts with label बस्तर अनकही-अनजानी कहानियाँ. Show all posts
Showing posts with label बस्तर अनकही-अनजानी कहानियाँ. Show all posts

Monday, August 14, 2017

बस्तर के नाग और उनकी जड़ें (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 57)


नागों की तीन मुख्य शाखाओं ने कर्नाटक को अपनी कर्मस्थली बनाया। ये तीन शाखाये हैं - सेन्द्रक शाखा; सेनावार शाखा तथा सिन्द शाखा।  नागों की सेन्द्रक शाखा दक्षिण का शक्तिशाली राजवंश बन कर उभरी और उसका प्रभुत्व कर्नाटक में पाँचवी से सातवी शताब्दी तक रहा है। प्राप्त अभिलेख बताते हैं कि नाग राजा भानुशक्ति ने सेन्द्रक नागों के साम्राज्य की स्थापना की थी। उसके बाद की पीढ़ियों के ज्ञात शासकों में आदित्यशक्ति  और पृथ्वीवल्लभ निकुम्भलशक्ति प्रमुख नाग शासक थे। अभिलेखों से यह भी ज्ञात होता है कि कर्नाटक में शासन करने वाले इन सेन्द्रक नागों ने एक समय में गुजरात के एक भाग तक अपनी सीमा का विस्तार कर लिया था। नागों की अगली कड़ी अर्थात सेनावार शाखा कर्नाटक के कडूर और सिमोगा के के आसपास अत्यधिक प्रभावशाली थी। इनका शासन समय उतार चढ़ावों भरा रहा है। फणिध्वज सेनावार शाखा के नागों का राजकीय प्रतीक था। सेनावार नागों की सत्ता के संस्थापक नाग राजा जीविताकार माने जाते हैं जिनके पश्चात की ज्ञात पीढ़ियाँ हैं जीमूतवाहन तथा मारसिंह। अंतिम सेनावार नाग शासक के सम्बन्ध में जानकारी वर्ष- 1058 के आसपास प्राप्त होती हैं; संभवत: इसके पश्चात इस नाग शाखा का पतन हो गया। 

तीसरी, सिन्द शाखा की छ: उपशाखायें हुई और उन्होंने दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों पर अपनी सत्ता कायम की। इन छ: शाखाओं में चार अर्थात बगलकोट के सिन्द, येलबुर्गा के सिन्द, बेलगविट्ट के सिन्द तथा बेल्लारी के सिन्द नागों ने कर्नाटक में तथा दो अर्थात चक्रकोट के सिन्द तथा भ्रमरकोट के सिन्द ने बस्तर में शासन स्थापित किया। छिन्द शब्द सिन्द से ही उत्पन्न हुआ है। (चक्रकोट के छिन्दक नाग; डॉ. हीरालाल शुक्ल)। बस्तर में नागवंश एक वैभवशाली सत्ता रही है जिसने 760 ई से 1324 ई. तक शासन किया। आज बस्तर में प्राप्त पुरातात्विक महत्व की अधिकतम ज्ञात विरासतें नाग शासकों की निर्मितियाँ हैं। 

- राजीव रंजन प्रसाद

==========

Sunday, August 13, 2017

भोई से पामभोई (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 56)


वर्ष 1324, वारंगल से 200 घुडसवारों के साथ चालुक्य राजकुमार अन्नमदेव ने गोदावरी पार कर भोपालपट्टनम में प्रवेश किया। भद्रकाली संगम की ओर से नदी पार करने के पश्चात अन्नमदेव ने साथियों के साथ भोपालपट्टनम किले पर धावा बोल दिया। यह अप्रत्याशित था चूंकि दो ओर से पर्वत श्रंखलाओं से एवं दो ओर से इंद्रावती और गोदावरी जैसी विशाल नदियों के मध्य सुरक्षित यह किला लगभग अजेय माना जाता था। अन्नमदेव जब किले के भीतर दाखिल हुए तो उन्होंने पाया कि महल खाली था, नाग राजा अपने बन्धु-बांधवों के साथ दुर्ग से पलायन कर गया था। बिना रक्तपात के यह पहली विजय अन्नमदेव के हाथ लगी। विजित महल क्या था, कच्ची मिट्टी की दीवारें और खपरैल की छत। वे जान गये थे कि इस विजय में किसी खजाने को पाने की आस तो छोड़ ही देनी चाहिये। 

सभी सैनिक तथा उपस्थित प्रजाजन भी तब आश्चर्य से भर गये जब राजा ने अपने पालकी उठाने वाले साथी नाहरसिंह भोई को भोपालपट्टनम का जागीरदार नियुक्त कर दिया। नाहरसिंह की इस नियुक्ति के पीछे अन्नमदेव के कई हित थे। पहला कि नाहर भी भोपालपट्टनम की प्रजा की तरह ही एक गोंड थे, दूसरा यह कि इसी तरह वे अपने शुभचिंतकों और विश्वासपात्रों को पुरस्कृत कर सकते थे। नाहरसिंह की स्वीकार्यता के पीछे एक किम्वदंती ने बडी भूमिका अदा की है। भोपालपट्टनम के जमीदार ‘भोई’ कैसे ‘पामभोई’ कहलाये इसके पीछे एक रोचक कहानी है। कहा जाता है कि अन्नमदेव जब अपने दल-बल के साथ गोदावरी नदी को पार कर रहे थे तब अचानक बहुत तेज हवा चलने लगी। पल भर में लगा कि सभी नावें डूब जायेंगी। हम सबने देखा कि वहाँ एक बहुत बड़ा सा पाम (अजगर) प्रकट हुआ था। नाहरसिंह ने भाले से आगे आ कर उस पाम का सामना किया और मार गिराया। उनकी इसी वीरता के कारण नाहरसिंह तथा उनके वंशजो को पामभोई नाम से जाना गया। 

- राजीव रंजन प्रसाद

==========



Saturday, August 12, 2017

रानी से महारानी बनायी गयीं प्रफुल्ल कुमारी (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 55)


बस्तर के राजाओं को कठपुतली बनाये रखने के लिये अंग्रेजों को जो भी यत्न करना पड़ा उन्होंने निरंतर किया है। बस्तर राज्य की शासिका प्रफुल्ल कुमारी देवी (1921 – 1936 ई.) का सम्बोधन 1 अप्रैल 1933 में “रानी” से बदल कर “महारानी” कर दिया गया। यह ब्रिटिश फैसला आश्चर्यजनक था चूंकि जिस राज्य को दोनों हाँथों से चूसा जा रहा हो उसे चर्चा का विषय बनाना अथवा महत्ता देना भी अंग्रेज क्यों चाहेंगे? राजा रुद्र प्रताप देव (1891 – 1921 ई.) के रहस्यमय देहावसान के बाद तथा राजकुमारी प्रफुल्ल के राज्यारोहण के बाद भी अंग्रेजों ने राज्याधिकार देने सम्बन्धी निर्णय को वैधानिक मान्यता देने में लम्बा समय लगाया। प्रफुल्ल कुमारी देवी को शासक स्वीकार करने से पूर्व असंतोष तथा पारिवारिक विवादों को हवा दी गयी। राजा की विधवा कुसुमलता, भाईयों के बेटों तथा ब्रिटिश अधिकारियों के बीच आपसी खींचतान लम्बे समय तक बनाये रखी गयी। प्रफुल्ल कुमारी देवी को राजा की एकमेव संतान होने के कारण वैध उत्तराधिकारी घोषित किया गया, किंतु यही उन्हें राज्याधिकार देने का एकमेव कारण नहीं था। अंग्रेज अब बस्तर पर अपनी सम्पूर्ण पकड चाहते थे, जिसके लिये उनकी मान्यता थी कि अल्पायु रानी को वे दबाव में रख सकेंगे। राजा के निधन के एक वर्ष बाद अर्थात 22.11.1922 को प्रफुल्ला को शासिका और रानी होने की मान्यता प्राप्त हुई थी।

अंग्रेजों को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में तीव्र होते स्वतंत्रता आंदोलनों के कारण अनेक तरह के दबावों का सामना करना पड रहा था। ऐसे में सैंकडों राजतंत्रों में बटे हुए भारत देश के राजा-रजवाडों को  अंग्रेज कभी दबाव डाल कर तो कभी सांकेतिक लाभ प्रदान कर अपनी जकडन में बनाये रखना चाहते थे। अंग्रेजों ने महारानी प्रफुल्ल के हाँथों में ऐसा शासन सौंपा जिसकी तकदीर या तो रायपुर में बैठ कर लिखी जाती या फिर शिमला, या देहली में। उनकी शिक्षा-दीक्षा अंग्रेजी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा इस तरह की गयी थी जिससे यह समझने में भूल न हो कि सम्राट जॉर्ज पंचम के शासन में देसी महाराजे-महारानियाँ केवल दिखावे का सामान हैं; कठपुतलियाँ हैं। ऐसे में महारानी सम्बोधन के अपने राजनीतिक मायने जो भी हों किंतु इससे उस दौर में बस्तर रियासत, अंग्रेजकालीन भारत के प्रमुख सामंती राज्यों में शुमार हो गया था। ‘महारानी’   सम्बोधन प्रदान किये जाने का एक कारण यह भी था कि बस्तर भौगोलिक दृष्टि से बडे भूभाग में विस्तृत था। इतनी भूमि मुख्यधारा में प्रभावशाली तथा तोपों की सलामी लेने वाले राजे-रजवाडों के पास भी नहीं थी।   

-  राजीव रंजन प्रसाद
===========

Friday, August 11, 2017

रामलीला से आरम्भ हुआ बस्तर में रंगकर्म (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 54)


बस्तर में ज्ञात रंग कर्म का इतिहास बहुत पुराना नहीं है। सन 1913 में बनारस से एक रामलीला मंडली राजधानी जगदलपुर पहुँची। मंड़ली ने कई दिनों तक राजमहल में रामलीला का मंचन किया। इससे प्रभावित हो कर सन 1914 में राजा रुद्रप्रताप देव ने एक रामलीला मंडली की स्थापना की। यह एक तरह से जगदलपुर में रंगमच का आरंभ था। भव्य रामलीला हुआ करती थी। पात्रों का चयन करते हुए उनकी आयु, कद काठी और स्वभाव तक का ध्यान रखा जाता। स्त्री पात्रों का किरदार भी पुरुष करते थे। राम, लक्ष्मण और सीता पात्रों को मंच पर आने के लिये उपवास करना पड़ता था। राज्य की ओर से पात्रों की नियुक्तियाँ होती तथा उन्हें जीवन यापन की अनेकों सुविधायें प्रदान की जाती। रामलीला का मंचन सीरासार में तथा राजमहल में गणेशोत्सव, दशहरा, जन्माष्टमी और रामनवमी के अवसरों पर भव्य स्वरूप में राज्य के खर्च पर किया जाता था। इस आयोजन में आरती से प्राप्त राशि पर भी रामलीला मण्डली तथा रंगकर्मियों का ही अधिकार होता था। लीला में ‘राम की बारात’ जैसे प्रसंगों की शोभायात्रा में राज्य पुलिस के घुड़सवार तथा पैदल सिपाही सम्मिलित होते थे। 

राजतंत्र ने अपनी समयावधि में रंगकर्म को प्रोत्साहित किया और इस कारण अनेक संगठन खडे हुए,  रंगकर्मियों की तादाद बढी और कई बेहतरीन नाटक मंचित किये गये। राजा रुद्रप्रताप देव की स्थापित परम्परा को डॉ. अविनाश बोस तथा कुँअर अर्जुन सिंह ने एमेच्योर थियेट्रिकल सर्विस के नाम से आगे बढ़ाने का यत्न किया। वर्ष 1927 में अंचल में छदामीलाल पहलवान ने नौटंकी का सूत्रपात किया। 1929 में छोटे लाल जैन ने प्रेम मण्डली नाट्य संस्था की स्थापना की जिसका प्रदर्शित नाटक ‘हरिश्चंद’ महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी के द्वारा बहुत सराहा गया था। 1929 में जगदलपुर के महार-कोष्टा समाज ने सीताराम नाटक मंडली का गठन किया जिनका नाटक ‘वीर अभिमन्यु’ सर्वाधिक चर्चा में रहा। 1939 में बाल समाज जी स्थापना हुई जिसका सर्वाधिक चर्चित नाटक था ‘सीता वनवास’। पैट्रोमैक्स और चिमनियों की रोशनी में काम करने वाली इस संस्था ने 1940 में अपना नाम बदल कर सत्यविजय थियेट्रिकल सोसाईटी रख लिया। व्याकुल भारत, असीरेहिंद, दानवीर कर्ण आदि इस संस्था द्वारा प्रदर्शित चर्चित नाटक थे। इस संस्था ने 1946 में लाला जगदलपुरी लिखित नाटक "पागल" का मंचन किया था जो बहुत चर्चा में रहा था। आज मीडिया के दखल, सिनेमा की चकाचौंध तथा वैकल्पिक मनोरंजन के साधनों ने रंगकर्म को पर्याप्त क्षति पहुँचायी है, तब भी साँसे ले रहा है बस्तर में रंग कर्म। अब भी सक्रिय हैं अनेक पुराने नये रंगकर्मी। महत्वपूर्ण बात यह कि बस्तर में रंगकर्म का अपना गौरवशाली अतीत है।

 - राजीव रंजन प्रसाद
==========

Wednesday, August 09, 2017

आस्था और मनोकामना (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 53)


बस्तर में चालुक्य वंश के संस्थापक अन्नमदेव से ले कर महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव तक सभी की देवी दंतेश्वरी पर प्रगाढ आस्था थी। इस आशय के अनेक दृष्टांत, विवरण अथवा किम्वदंतियाँ पढ़ने सुनने को मिलती रहती हैं। बस्तर में राजा राजपालदेव (1709 – 1721 ई.) का शासन समय नितांत उथलपुथल का दौर भी था। राजमहल के भीतर किये जाने वाले षडयंत्रों की बहुधा खबरें बाहर नहीं आ पातीं, लेकिन वहीं से किसी राज्य की भविष्य की राजनीतियाँ तय हुआ करती थीं।  ऐसी की एक कहानी राजा राजपालदेव की भी है जिनकी दो रानियाँ थी – रुद्रकुँवरि बघेलिन तथा रामकुँवरि चंदेलिन। रानी रुद्रकुँवरि से दलपत देव तथा प्रताप सिंह राजकुमारों का जन्म हुआ तथा रानी रामकुँवरि के पुत्र दखिन सिंह थे। 

प्रिय रानियों ने शासक पतियों से सर्वदा अपना मनचाहा करवा लिया है। रानी रामकुँवरि अपने पुत्र दखिन सिंह को अगला राजा बनाना चाहती थी। इस प्रयास में आवश्यक था कि राजधानी पर प्रिय बेटे की पकड़ मजबूत की जाये। रामकुँवरि की साजिश के अनुसार ही चलते हुए राजा राजपाल देव ने अपनी दूसरी रानी रुद्रकुँअरि के पुत्रों, राजकुमार दलपत देव को कोटपाड़ परगने तथा प्रतापसिंह को अंतागढ़ मुकासा का अधिपति बना कर राजधानी से बाहर भेज दिया गया। यह पूरी कवायद इस लिये थी जिससे कि वयोवृद्ध राजा के स्वर्गवास के बाद राजकुमार दखिन सिंह को निष्कंटक रूप से बस्तर के राजसिंहासन पर बैठाने में आसानी होती। कहते हैं कि बुरी नीयत से देखे गये सपने सच नहीं होते। राजकुमार दखिन सिंह किसी अज्ञात बीमारी के कारण बीमार पड़ गये। वैद्यों और ओझाओं ने सारे प्रयास करने के पश्चात नाउम्मीदी में सिर हिला दिया। राजकुमार के बचने की सारी उम्मीद जाती रही थी। अब आखिरी कोशिश के रूप में राजा ने दंतेश्वरी माँ के दरबार में अपने बेटे को उपस्थित कर दिया। मृत्यु से बचाने के लिये राजकुमार दखिन सिंह के शरीर को दंतेश्वरी माँ की मूर्ति के साथ बाँध दिया। देवी ने संभवत: राजकीय षडयंत्रों में पूर्णविराम लगाने का सुनिश्चित कर लिया था। रात्रि ही राजकुमार दखिन सिंह स्वर्ग सिधार गये। लाश के बोझ से रस्सियाँ टूट गयी और सुबह परिजनों ने देखा कि माँ दंतेश्वरी के चरणों में राजकुमार का मस्तक पड़ा हुआ था। 

- राजीव रंजन प्रसाद 

========== 

Tuesday, August 08, 2017

कच्चा महल-पक्का महल (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 52 )


राजा दलपत देव ने जगदलपुर राजधानी के स्थानांतरण के पश्चात जिस राजमहल का निर्माण करवाया वह काष्ठ निर्मित थी एवं उसकी छत पर खपरैल लगायी गयी थी। वर्ष 1910 के महान भूमकाल आंदोलन के पश्चात ब्रिटिश शासन को यह महसूस होने लगा कि राजमहल तथा प्रशासकीय कार्यालय  मजबूत हों एवं इसके लिये पक्का निर्माण कराया जाये। इसके लिये महल के साथ लगे लम्बे-चौडे प्रांगण को घिरवा कर ईँटों की ऊँची दीवार से किलेबदी की गयी। दक्षिण दिशा की ओर इस किले का मुख्यद्वार बनवाया गया। दोनों ओर विशाल सिंह की आकृतियाँ निर्मित की गयी जिसके कारण मुख्यद्वार का नाम सिंहद्वार पड़ गया। चार दीवारी की अन्य दिशाओं में भी प्रवेश द्वार बनवाये गये। सिंह द्वार से लग कर पूर्व की ओर रियासत की कचहरी के लिये कक्ष निर्मित थे। दरबार-हॉल को अस्त्र शस्त्रों और चित्रों से सुसज्जित किया गया। महल के सामने, बागीचे में अनेकों जलकुण्डों का निर्माण किया गया जिसमें सुनहरी और लाल मछलिया डाली गयीं। उद्यान को आधुनिकता देने के लिये सुन्दर युवती की मूर्ति स्थापित की गयी जिसके घडे से निरंतर जल गिरता रहता था। महल की पूर्व दिशा में हिरण और सांभरों को रखने के लिये लोहे के बाडे से घेर कर जगह बनायी गयी। स्थान-स्थान पर सीमेंट से बनाये गये जलकुण्ड थे जिनमें जानवरों के पीने के लिये पानी का निरंतर प्रवाह रखा जाता था। हाथीसाल, घुडसाल, बग्घियों को रखने के स्थल आदि का निर्माण महल परिधि में ही किया गया। अहाते के भीतर ही महल प्रबंधक तथा महल सुप्रिंटेंडेट के आवास बनवाये गये। महल की दीवारों से लग कर कई आउट हाउस थे, जिसमें राजकीय कर्मचारी रहा करते थे। राजा ने अपनी प्रतिष्ठा तथा शौर्य प्रदर्शन के लिये बाघ पाला, जिसे महल के सम्मुख ही पिंजरे में रखा जाता था। इसी दौर में मोटरगाडियाँ भी चलने लगी। परम्परागत हाँथी की जगह राजा के पास भी रोल्स रॉयस कार आ गयी थी। महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी  ने भी अपने शासन समय में राजमहल में कई बदलाव किये। पिता के बनवाये महल से जोड़ कर अपने रहने के लिये आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया महल बनवाया। इस महल के भूतल में ‘बिलियर्ड्स हॉल’  बनवाया गया। महल के उत्तरी दरवाज़े से लगा कक्ष ‘डॉल हाउस’ था, जिसमें राजकुमार-राजकुमारियों के खिलौने रखे हुए थे (दो महल, डॉ. के के झा)। 

- राजीव रंजन प्रसाद 

==========

गोलकुण्डा की शह पर भेजी विद्रोह (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 51)


इतिहास को जनश्रुतियों और लोकगीतों से भी खुरच कर निकाला जा सकता है। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान पोटानार (जगदलपुर) के ग्रामीण रथ के आगे नाचते गाते चलते हैं तथा अनेक ऐसे गीत गाते हैं जिनमे ऐतिहासिकता के पुट हैं। महाराजा प्रवीरचन्द्र भंजदेव अपनी कृति लौहण्डीगुडा तरंगिणी में इस अवसर पर गाये जाने वाले चूडामन गीत का उल्लेख करते है। यह गीत एक कथा पर आधारित है जो बस्तर में राजा वीरसिंह देव (1654-1680 ई.) के शासन समय को प्रस्तुत करता है। अपने दरबार में राजा वीरसिंह, दीवान चूडामन से प्रश्न करते हैं कि क्या राज्य के अंदर की सभी जमीदारियाँ मेरे शासन के प्रति वफादार हैं?  दीवान उत्तर देते हैं कि भेजी जमीदारी को छोड कर अन्य सभी जमीदार राज्य शासन के लिये प्रतिबद्ध हैं। राजा को यह बात नागवार गुजरती है और वे भेजी के जमीदार का दमन करने के लिये दीवान को सेना ले कर जाने का आदेश देते हैं। इस कहानी में मोड़ तब आता है जब भेजी के निवासी जगराज और मतराज नाम के दो भाई चतुराई से सेना में प्रवेश कर जाते हैं तथा चूडामन का विश्वास अर्जित कर लेते हैं। वे बाध्य करते हैं कि वन्य मार्ग में उनके मनचाहे तथा पूर्वनियोजित स्थान पर शिविर लगाया जाये। शिविर लगाया जाता है जिसपर रात में भेजी के सैनिक हमला कर देते हैं। अफरातफरी का वातावरण निर्मित हो जाता है तथा राजा की सेना को बाध्य हो कर पीछे हटना पडता है। 

इस गीत में अंतर्निहित कहानी को तत्कालीन राजनैतिक परिस्थितियों के सामने रख कर देखना चाहिये। भेजी का विद्रोह वस्तुत: गोलकुण्डा के कुतुबशाही सल्तनत की शह पर था। गोलकुण्डा, जो भेजी से लगा हुआ बड़ा और शक्तिशाली राज्य था उसे भौगोलिक रूप से सुरक्षित बस्तर में अपनी पैठ स्थापित करने के लिये भेजी के जमीदार को प्रभाव में ले कर उकसाना उचित लगा। यद्यपि इस विद्रोह का दमन कर दिया गया। इसके पश्चात से भेजी जमीदारी हमेशा बस्तर राज्य का हिस्सा बनी रही।  

- राजीव रंजन प्रसाद

==========

विजय-पराजय (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 50)


एक बड़ी विजय कैसे निर्णायक पराजय में बदल जाती है इसका उदाहरण भूमकाल आंदोलन का आखिरी चरण है। आंदोलन के दमन के लिये 24 फरवरी 1910 की सुबह मद्रास और पंजाब बटालियन जगदलपुर पहुँच गयी। जबलपुर, विजगापट्टनम, जैपोर और नागपुर से भी 25 फरवरी तक सशस्त्र सेनायें जगदलपुर आ पहुँची थी। राजधानी की सड़कों पर फ्लैग मार्च किया गया। यह एक अपराजेय ताकत थी। विद्रोही राजधानी और आसपास से पीछे हटने को बाध्य किये गये। ब्रिटिश कमांडर गेयर तक खबर पहुँच गयी कि विद्रोही अब उलनार गाँव के पास एकत्रित हो रहे हैं। आधी रात को आदिवासियों पर कायराना-अंग्रेज आक्रमण किया गया। भोर की पहली किरण के साथ ही युद्ध समाप्त हो सका। अलनार गाँव से विद्रोही पलायन कर गये। विद्रोहियों के तितर बितर होते ही दि ब्रेट ने छब्बीस-फरवरी को ताडोकी पर हमले का आदेश दे दिया। आधे घंटे की गोलाबारी के बाद ही लाल कालेन्द्रसिंह गिरफ्तार किये जा सके। उनके मकान में आग लगा दी गयी। पाँच-मार्च को तैयारी के साथ राजमाता सुबरन कुँअर के आवास पर छापा मारा गया। राजमाता को गिरफ्तार कर राजमहल लाया गया; उन्हें नजरबंद कर दिया गया। 

25 मार्च, 1910 को उलनार भाठा के निकट सरकारी सेना का पड़ाव था। गुण्डाधुर को जानकारी दी गयी कि गेयर भी उलनार के इस कैम्प में ठहरा हुआ है। डेबरीधुर, सोनू माझी, मुस्मी हड़मा, मुण्डी कलार, धानू धाकड़, बुधरू, बुटलू जैसे राज्य के कोने कोने से आये गुण्डाधुर के विश्वस्त क्रांतिकारी साथियों ने अचानक हमला करने की योजना बनायी। एक घंटे भी सरकारी सेना विद्रोहियों के सामने नहीं टिक सकी और भाग खड़ी हुई। लेकिन उसी रात यह विजय अंतिम पराजय में बदल गयी। किसी लालच के वशीभूत गुण्डाधुर का ही एक विश्वासपात्र साथी सोनू माझी, गेयर से मिल गया तथा उसकी सूचना के आधार पर विद्रोही सेना का दमन कर दिया गया। सुबह इक्क्सीस लाशें माटी में शहीद होने के गर्व के साथ पड़ी हुई थी। गुण्डाधुर को पकड़ा नहीं जा सका लेकिन डेबरीधूर और अनेक प्रमुख क्रांतिकारी पकड़ लिये गये। गेयर बाजार में नगर के बीचो-बीच इमली के पेड़ में डेबरीधूर और माड़िया माझी को लटका कर फाँसी दी गयी। इसके साथ ही महान भूमकाल कभी न भुलायी जाने वाली दास्तान बन कर इतिहास के पन्नों में अंकित हो गया। 

- राजीव रंजन प्रसाद 

==========

Sunday, August 06, 2017

ताड़-झोंकनी (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 49)


राजा दलपतदेव (1731-1774 ई.) ने अपनी पटरानी के बेटे राजकुमार अजमेरसिंह को डोंगर का अधिकारी बनाया था। उस समय डोंगर क्षेत्र भयानक अकाल से जूझ रहा था तथा जनश्रुतियाँ कहती हैं कि आजमेरसिंह के कुशल प्रबन्धन के कारण ही यहाँ निवासरत हलबा जनजाति की प्रजा उनकी अभिन्न सहयोगी हो गयी थी। राजा के देहावसान के समय अजमेरसिंह ड़ोंगर में ही थे। उनके भाई दरियाव देव ने सिंहासन पर अधिकार करने के लिये डोंगर पर हमला बोल दिया, लेकिन वे भीषण और अप्रत्याशित हलबा प्रतिरोध के आगे टिक न सके। उनके राजधानी जगदलपुर भाग आने के बाद अगले आक्रमण की तैय्यारी होने लगी। आजमेर सिंह ने अपने मामा और कांकेर के राजा से सैन्य सहायता प्राप्त कर जगदलपुर पर धावा बोल दिया जहाँ पुन: पराजित होने के बाद दरियावदेव जैपोर की ओर भाग गये। आजमेर सिंह (1774-1777 ई.) का इसके पश्चात ही विधिवत राज्याभिषेक हो सका। हलबा विद्रोही इस बात से निश्चिंत हो कर कि अब आजमेरसिंह बस्तर के राजा हो गये हैं, डोंगर लौट गये। 

दरियावदेव ने जैपोर के राजा से युद्ध खर्च के अलावा कोटपाड़, चुरुचुंड़ा, पोड़ागढ़, ओमरकोट और रायगड़ा परगने, देने के नाम पर समझौता कर लिया। अपनी विजय को और निश्चित बनाने के लिये दरियावदेव ने मराठों से भी बस्तर के स्वाधीनता की संधि कर ली। इन संधियों की बिसात पर दरियावदेव की एक विशाल सेना तैयार हो गयी। हलबा योद्धाओं ने इस युद्ध में भी राजा आजमेर सिंह के लिये अभूतपूर्व बलिदान दिये। अंतत: दरियाव देव ने जगदलपुर पर अधिकार कर लिया। आजमेरसिंह मार डाले गये। हलबा लड़ाके अपने नायक को खो देने के बाद भी विद्रोह करने पर उतारू थे। कई मोर्चों पर छापामार हमले हुए। विद्रोह का निर्दयता से दमन भी किया गया। पकड़े गये विद्रोहियों की आँखें निकाल ली गयीं तो कुछ हलबा विद्रोही चित्रकोट जलप्रपात से नीचे धकेल दिये गये। दरियावदेव हलबा विद्रोह को इस तरह दबाना चाहते थे कि एक उदाहरण बन जाये। दरियावदेव ने विद्रोहियों की सजा-ए-मौत को खेल बना दिया था; एक जनश्रुति के अनुसार शर्त रखी गयी कि ताड़ का पेड़ काटा जायेगा। जो विद्रोही अपने हाँथों में पेड़ को थाम लेगा और गिरने नहीं देगा उसे छोड़ दिया जायेगा। मौत हर हाल में थी लेकिन हलबा वीरों ने शान से मरना स्वीकार किया। पेड़ काटे जाते रहे और एक एक विद्रोही चिरनिंद्रा में सुलाया जाता रहा। इस कथा को ‘ताड़-झोंकनी’ के नाम से स्थानीय आज भी याद करते हैं। 

- राजीव रंजन प्रसाद 
==========

Saturday, August 05, 2017

वीर गेंद सिंह की शहादत (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 48)


परलकोट नैसर्गिक स्थल है। उसकी सीमा को एक ओर से कोतरी नदी निर्धारित करती है। तीन नदियों का संगम परलकोट की सुन्दरता को चार चाँद लगा देता है। यहाँ के जमीन्दार को भूमिया राजा की उपाधि प्राप्त थी। ऐसी मान्यता है कि उनके पूर्व-पुरुष चट्टान से निकले थे। बस्तर के राजा भी इस किंवदंति को मान्यता देते थे इस लिये परलकोट के जमीन्दार को राज्य में विशेष दर्जा और सम्मान हासिल था, जो मराठा-आंग्ल शासन ने अमान्य कर दिया। गेन्दसिंह इस बात से आहत थे। उनके नेतृत्व में परलकोट विद्रोह (1825 ई.) ने आकार लिया। धावड़ा वृक्ष की टहनियों को विद्रोह के संकेत के रूप में एक गाँव से दूसरे गाँव भेजा गया। पत्तियों के सूखने से पहले ही टहनी पाने वाले ग्रामीण, विद्रोही सेना के साथ मिल जाते थे। लोगों को संगठित करने तथा योजना बनाने में घोटुलों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। धनुष-वाण, कुल्हाड़ी और भाला ले कर हजारों की संख्या में वीर अबूझमाड़िये निकल पड़ते, फिर कभी मराठा संपत्ति जला दी जाती तो कही उनके व्यापारिक या सैनिक काफिले लूट लिये गये। गेन्द सिंह ने चमत्कार कर दिखाया। अब तक राजा या सामंत के लिये मर-मिटने वाले अबूझमाड़िये अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे। स्वयं पर अपनी मर्जी के शासन का हक पाने के लिये बहुत कम संघर्ष इतिहास में दर्ज हैं। इसके साथ ही इस विद्रोह में नये टैक्सों की खिलाफत भी थी। छतीसगढ़ सूबे के ब्रिटिश अधीक्षक मेजर एगन्यू को सीधा हस्तक्षेप करना पड़ा। चाँदा से सेना बुला ली गयी, पुलिस अधीक्षक कैप्टन पेव को निर्देश दिये गये कि परलकोट विद्रोह को निर्ममता से कुचल दिया जाये। बंदूखों के आगे परम्परागत हथियारों से नहीं लड़ा जा सकता था। 20 जनवरी 1825, को विद्रोह का पूरी तरह से दमन करने के पश्चात परलकोट परगने की प्रजा और दूर-सुदूर से हजारो अबूझमाड़ियाओं के सामने निर्दयता से एक पेड़ की टहनी पर उपर खींच कर गेन्द सिंह फाँसी पर लटका दिये गये। बस्तर भूमि वीर गेंदसिंह की इस शहादत का आज भी पूरी श्रद्धा से स्मरण करती है। 

- राजीव रंजन प्रसाद
========== 

Thursday, August 03, 2017

स्त्रीराज्य बस्तर और महारानी प्रमिला (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 47)


महाभारत युद्ध की समाप्ति के पश्चात युधिष्ठिर ने जब अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा छोड़ा था, तब उस घोड़े की रक्षा में स्वयं अर्जुन सेना के साथ चले थे। दक्षिण की ओर चलते चलते युधिष्ठिर के अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा “स्त्री राज्य” में पहुँच गया। - “उवाच ताम महावीरान वयं स्त्रीमण्डले स्थिता:” (जैमिनी पुराण)। स्त्री राज्य (कांतार) की शासिका का नाम प्रमिला था। उल्लेखों से ज्ञात होता है वह बड़ी वीरांगना थी। प्रमिला देवी के आदेश से अश्वमेध यज्ञ के उस घोड़े को बाँध कर रख लिया गया। घोड़े को छुड़ाने के लिये अर्जुन ने रानी प्रमिला तथा उनकी सेना से घनघोर युद्ध किया; किन्तु आश्चर्य कि अर्जुन की सेना लगातार हारती चली गयी। स्त्रियाँ युद्ध कर रही थीं इसका अर्थ यह नहीं कि वे साधन सम्पन्न नहीं थी जैमिनी पुराण से ही यह उल्लेख देखिये कि किस तरह स्त्रियाँ रथों और हाँथियों पर सवार हो कर युद्धरत थीं – “रथमारुद्य नारीणाम लक्षम च पारित: स्थितम। गजकुम्भस्थितानाम हि लक्षेणापि वृता बभौ॥” इसके बाद युद्ध का जो वर्णन है वह प्रमिला का रणकौशल बयान करता है। प्रमिला ने अपने वाणों से अर्जुन को घायल कर दिया। अब अर्जुन ने छ: वाण छोड़े जिन्हें प्रमिला ने नष्ट कर दिया। विवश हो कर अर्जुन को ‘मोहनास्त्र’ का प्रयोग करना पड़ा जिसे प्रमिला ने अपने तीन सधे हुए वाणों से काट दिया। अब प्रमिला अर्जुन को ललकारते हुए बोली – “मूर्ख! तुझे इस छोटी सी लड़ाई में भी दिव्यास्त्रों का अपव्यय करना पड़ गया” –प्रमीला मोहनास्त्रं तत सगुणम सायकैस्त्रिभि:। छित्वा प्राहार्जुनं मूढ़! मोहनास्त्रम न भाति ते॥  इस उलाहने ने अर्जुन के भीतर ग्लानि भर दी। अब अर्जुन ने रानी प्रमिला के समक्ष विनम्रता का परिचय दिया एवं संधि कर ली। इसके बाद ही यज्ञ के घोड़े को मुक्त किया गया। 

- राजीव रंजन प्रसाद

=========== 

नमक के बोरे में आक्रांता (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 46)


राजा दलपतदेव (1731-1774 ई.) के समय तक मराठा राज्य की सीमा बस्तर से लग गयी थी। मराठा शासकों ने अपनी विस्तारवादी नीति के तहत पहले रतनपुर पर विजय हासिल की तथा इसके पश्चात नीलू पंडित के नेतृत्व में वर्ष 1756 को बस्तर पर आक्रमण कर दिया। मराठा सरदार नीलू पंडित को नीलकंठ पंडित के नाम से भी जाना जाता है जबकि लौहण्डीगुडा तरंगिणी के लेखक महाराजा प्रवीर उसे नीलू पंथ सम्बिधित करते हैं। आक्रमण होते ही राजा दलपत देव ने योजना के अनुसार अपनी सेना को जंगल की ओर हटने का निर्देश दिया। मराठा सेना बिना रक्तपात के मिली जीत से उत्साहित हो गयी। इसी बीच, दलपतदेव के सैनिकों ने मराठा सेना को बाहर से मिलने वाली मदद के सारे रास्ते बंद कर दिये। पूरी तैयारी के बाद भयानक आक्रमण किया गया। मराठे बुरी तरह ध्वस्त हुए। नीलू पंड़ित एक बंजारे की सहायता से नमक के बोरे में छिप कर भाग गया।

दि ब्रेट (1909) विवरण देते हैं कि नीलू पंडित ने एक बार पुन: बस्तर पर शक्तिशाली आक्रमण लिया था। निस्संदेह मराठा सेना बस्तर की तुल्ना में अधिक ताकतवर और प्रशिक्षित थी किंतु वे इस अंचल के भूगोल के आगे विवश थे। युद्ध जीता गया। दलपत देव के प्रत्याक्रमण का अंदेशा पाते ही इस बार सतर्क नीलू पंडित लूट खसोट से ही संतुष्ट हो कर भाग निकला। यद्यपि उसने महारानी को कैद कर लिया, उन्हें जैपोर मार्ग से पुरी ले जाया गया जहाँ उनकी मृत्यु हो गयी। सभी विवरणों को विवेचनात्मक दृष्टि से देखें तो यह ज्ञात होता है कि अनेक कोशिशों के बाद भी मराठा शासक राजा दलपत देव को अपनी आधीनता स्वीकार करने के लिये बाध्य नहीं कर सके थे। लगातार होने वाले मराठा आक्रमणों ने ही राजा दलपतदेव को अपनी राजधानी बस्तर से बदल कर जगदलपुर ले जाने एवं उसकी मजबूत किलेबंदी करने के लिये बाध्य कर दिया था।      

- राजीव रंजन प्रसाद 
=========== 

Tuesday, August 01, 2017

बल, छल, वीरगति और विजय (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 45)


सत्ता को ले कर पारिवारिक खींचातानी, षडयंत्र, छल आदि एक दौर की सामान्य घटना हुआ करती थी। ऐसे में स्थिति तब अधिक जटिल हो जाती थी जब आंतरिक कलह का लाभ उठा कर निकटवर्ती राज्य आक्रमण कर दे। बस्तर में ऐसा ही एक समय तब आया जब भीषण अकाल पड़ा। यह दौर राजा वीरनारायण देव (1639-1654 ई.) के शासन का था। राज्य विपरीत परिस्थितियों से जूझ ही रहा था कि आक्रमण हो गया। चांदा के गोंड शासक बल्लारशाह के पास यह सुअवसर था कि वे बस्तर पर अपना अधिकार कर लें। पूरी ताकत से उन्होंने आक्रमण किया और भयावह युद्ध में बस्तर के राजा वीरनारायण देव वीरगति को प्राप्त हुए। इसके पश्चात भी युद्ध नहीं रुका और हार कर चांदा की सेना को पलायन करना पड़ा।    

युद्धभूमि में पिता की मौत के बाद उत्तराधिकार का संघर्ष उसके दो पुत्रों के बीच हुआ जिसके बाद वीरसिंह देव (1654-1680 ई.) ने सत्ता की बागडोर अपने हाँथ में ली। उन्होंने अपने समय में राजपुर दुर्ग का निर्माण करवाया था। वीरसिंह का समय भीजी जमीन्दारी के विद्रोह को शह दे कर बस्तर में अपना हस्तक्षेप कायम रखने वाली कुतुबशाही से निर्णायक छुटकारा पाने के लिये भी जाना जाता है। अपनी पुस्तक लौहण्डीगुडा तरंगिणी (1963) में महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव विवरण देते हैं कि राजा वीरसिंह ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिये चाँदा के राजा बल्लारशाह के विरुद्ध युद्ध किया तथा उसे अपनी आधीनता स्वीकार करने के लिये बाध्य कर दिया था। यह इति नहीं थी। अब बारी बल्लारशाह की थी जिन्होंने संगठित हो कर पुन: बस्तर राज्य पर आक्रमण किया। इस बार उसने छल से राजा के एक आदमी परसराम को अपने साथ मिला लिया था। परसराम ने राजा को कुसुम (भांग तथा दूध से बना तरल) पिला दिया। बेहोशी की हालत में युद्ध कर रहे राजा को कैद कर लिया गया और बल्लारशाह के सामने प्रस्तुत किया गया। राजा वीरसिंह को भांति भांति के कष्ट दिये गये। रोचक किम्वदंति है बस्तर के राजा के प्राण उसके सिर में थे इसी लिये अनेक प्रहार करने के बाद भी उन्हें मारा नहीं जा सका। प्रताडना से आहत राजा ने स्वयं अपनी मृत्यु का गुप्त रहस्य बल्लारशाह को बता दिया, जिसके बाद उनके सिर पर प्रहार किया गया, वहाँ से एक सोने की चिडिया उड कर निकल गयी तथा राजा की मृत्यु हो गयी (भंजदेव, 1963)। कथनाशय यह है कि अशक्त व बेहोश वीरसिंह की युद्ध भूमि में हत्या कर दी गयी थी। राजा की हत्या हो जाने के बाद भी इस युद्ध में बस्तर की सेना ही विजयी रहीं थी। 

- राजीव रंजन प्रसाद
============

मधुरांतक देव और नरबलि बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ (भाग – 44)


बस्तर अंचल में नाग राजाओं का शासन विभिन्न मण्डलों में विभाजित करता था, इन्ही में से एक था मधुर मण्डल जिसमें छिन्दक नागराजाओं की ही एक कनिष्ठ शाखा के मधुरांतक देव का आधिपत्य था। चक्रकोट के राजा धारवर्ष जगदेक भूषण (1050 – 1062 ई.) के निधन के पश्चात चक्रकोटय में उत्तराधिकार को ले कर संघर्ष हुआ और राजनीतिक अस्थिरता हो गयी। इस परिस्थिति का लाभ उठा कर ‘मधुर-मण्डल’ के माण्डलिक मधुरांतक देव ने चक्रकोटय पर अपनी “एरावत के पृष्ठ भाग पर कमल-कदली अंकित” राज-पताका फहरा दी। कहते हैं कि मधुरांतक देव नितांत बरबर और निर्दयी था। उसे कुचल देना ही आता था। ड़र के साम्राज्य ने शासक और शासित के बीच स्वाभाविक दूरी उत्पन्न कर दी। उस पर अति यह कि अपनी कुल-अधिष्ठात्री माणिकेश्वरी देवी के सम्मुख नरबलि की प्रथा को नीयमित रखने के लिये उसने राजपुर गाँव को ही अर्पित कर दिया था। यह गाँव वर्तमान जगदलपुर शहर के उत्तर-पश्चिम में स्थित है। वहाँ से जिसे चाहे उठा लो और देवी के सम्मुख धड़ से सिर को अलग कर दो। 

जिन खम्बों पर साम्राज्यों की छतें खड़ी  होती है वे शनै: शनै:  कुचले हुए लोगों की आँहों भर से खोखले हो उठते हैं। आतंक के साम्राज्य के विरुद्ध जन-एकजुटता हुई, इस क्रांति का नेतृत्व किया था सोमेश्वरदेव ने। वे दिवंगत नाग राजा धारवर्ष जगदेक भूषण के पुत्र थे। मधुरांतक द्वारा पराजित और निर्वासित किये जाने के बाद वे चक्रकोटय के निकट ही किसी गुप्त स्थान पर रहते हुए जन-शक्ति संचय में लगे थे। उनका कार्य कठिन नहीं था। हाहाकार करती प्रजा को एक योग्य नेता ही चाहिये था। राज्य में विद्रोह अवश्यंभावी था। सोमेश्वर देव ने जनभावना का लाभ उठाते हुए उनके क्रोध को युद्ध में झोंक दिया। आक्रमण हुआ तो किले के भीतर रह रहे नागरिकों में हर्ष का संचार हो गया। मधुरांतक ऐसी सेना को साथ लिये कितनी देर लड़ सकता था जिनकी सहानुभूति और भरोसा उसने खो दिया था? युद्ध समाप्त हुआ। सोमेश्वर प्रथम (1069-1111 ई.) ने युद्ध में मधुरांतक का वध कर दिया तथा वे चक्रकोटक के निष्कंटक शासक बन गये।

- राजीव रंजन प्रसाद 
 ===========

Monday, July 31, 2017

बस्तर में सागर (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 43)


हमने उन विरासतों को भी नहीं सम्भाला जो हमारी ही सुरक्षा के निमित्त निर्मित किये गये थे। छत्तीसगढ राज्य के ऐतिहासिक दृष्टि के महत्वपूर्ण सबसे बडे मानव निर्मित जलाशयों में से एक दलपतसागर, आज अपने अस्तित्व को बचाने की लडाई लड़ रहा है। कभी समाचार आता है कि भू-माफिया आसपास की जमीन को धीरे धीरे निगलते जा रहे हैं तो कभी यह कि जलकुम्भियों की जकडन में दलपत सागर दम तोड रहा है। कभी कभी वैज्ञानिकों के इस सागर को बचाने की कोशिशों की सफल-असफल खबरें आती हैं। जापान से किसी मछली को ला कर तालाब में डाला गया था कि वह जलकुम्भियों से लड सके लेकिन असफलता हाथ लगी। ब्राजील से किसी ऐसे कीडे के द्वारा जो जलकुम्भी में ही पनपता है उसे ही भोजन बनाता है के माधयम से इससे निपटने का प्रयोग किया गया। समग्र प्रयासों के बाद भी समस्या अभी विकराल है, इस हेतु जन-भागीदारी सहित अधिकाधिक कोशिशों की आवश्यकता है। यह इसलिये भी कि इस झील का अपना समाजशास्त्र है, अर्थशास्त्र है साथ ही गर्व करने योग्य इतिहास भी है।         

इतिहास की बात करें, राजा दलपत देव के लिये जगदलपुर को राजधानी के लिये चयन करने के पश्चात उसे बाह्याक्रमणों से सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती थी। यह निश्चित किया गया कि चयनित राजमहल परिक्षेत्र के पश्चिम दिशा में एक विशाल झील का निर्माण किया जाये। इस स्थान पर तीन तालाब यथा – सिवना तरई, बोड़ना तरई तथा झार तरई पहले से ही अवस्थित थे। इन तीनों ही तालाबों को आपस में मिला कर झील निर्माण का कार्य आरम्भ हुआ। स्वयं राजा दलपत देव नित्य कार्य की प्रगति  देखने पहुँचते। एक दिन कार्य के दौरान एक हाथी की मृत्यु हो गयी। इस विशालकाय जीव को कहीं अन्यत्र ले जाना संभव नहीं हुआ तब मृत्यु स्थल पर ही उसे दफन कर दिया गया। हाथी की इस समाधि ने एक टीले का स्वरूप ले लिया था इस स्थान को मेंड्रा ढिपका के नाम से पहचान मिली है। झील की खुदाई से जो मिट्टी निकाली जाती उसका प्रयोग राजधानी के चारो ओर की जाने वाली किलेबंदी के लिये किया गया। लगभग 352 एकड विस्तार वाली विशाल झील जब निर्मित हुई तब उसका नाम दलपत सागर रखा गया। 

- राजीव रंजन प्रसाद
==========

Saturday, July 29, 2017

गोपनीयता और क्रांति (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 42)


योजना और अनुशासन का ऐसा उदाहरण विश्व में घटित सफलतम क्रांतियों में भी कम देखा गया है जहाँ एक विशाल भूभाग आंदोलित हो लेकिन उसकी तैयारियों की भनक  व्यवस्था को न लग सके। वर्ष 1910 के भूमकाल की अनेक विवेचनायें हैं किंतु सबसे सराहनीय इसकी असाधारण गोपनीयता थी। छुटपुट खबरें थीं कि गाँव-गाँवों में आम की डाल और मिर्च भेजी जा रही है, यह ग्रामीणों के संगठित होने और विप्लव के लिये स्वीकारोक्ति प्रदान करने का संकेतचिन्ह था। ब्रिटिश पॉलिटिकल एजेंट दिब्रेट ने वर्ष 1910 के जनवरी माह में बस्तर का दौरा किया। वे केशकाल, कोण्डागाँव, केशलूर आदि के माझियों से मिले तथा प्रशासन से सम्बंधित चर्चायें की। सभी ने उन्हें आश्वस्त किया कि बस्तर में हालात ठीक हैं, किसी गडबडी की कोई संभावना नहीं है। दौरे पर दि ब्रेट के साथ दीवान पंडा बैजनाथ, राजगुरु मित्रनाथ ठाकुर तथा पुलिस इंसपेक्टर थे, सभी ने बताया कि अंग्रेज बहादुर का प्रशासन शांति और खुशहाली लाने वाला है। तुमनार गाँव के पास शिविर लगाया गया जिसमे बडी संख्या में आदिवासी एकत्रित हुए तथा बहुत ही सामान्य रूप से उन्होंने अपनी समस्यायें सामने रखीं। जनजातीय नृत्यों को देख कर तो ब्रिटिश पॉलिटिकल एजेंट अभिभूत हो गया था। पूरी विवेचना में और विस्तृत दौरे में उसे बस्तर में किसी तरह की अराजकता अथवा अशांति के पनपने की भनक नहीं लगी। अपनी टूर रिपोर्ट में दि ब्रेट ने लिखा - “बस्तर शांत राज्य है तथा दीवान रायबहादुर पण्डा बैजनाथ का कार्य प्रसंशनीय है। मैं लोगों से मिला और उनकी शिकायतें सुनीं। राज्य में कोई गंभीर समस्या प्रतीत नहीं होती। बीजापुर में मुझे जानकारी मिली कि कुछ लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर मिर्च भेज रहे हैं। दीवान ने तात्कालिक जांच के बाद इसे स्वाभाविक घटना बताया है।” रिपोर्ट पर दि ब्रेट के हस्ताक्षर के नीचे 31/जनवरी/1910 तारीख डली हुई थी।  यह पूर्वनियोजित था कि जब तक पॉलिटिकल एजेंट –‘दि ब्रेट’ रियासत के दौरे पर हैं, कोई हलचल न की जाये। उसके जाते ही प्रशासन को समझने या संभलने का मौका दिये बिना एकाएक चौतरफा हमला हो। 31 जनवरी को दि ब्रेट बस्तर से लौट जाते हैं और उसके ठीक अगले ही दिन 1 फरवरी, 1910 को सम्पूर्ण बस्तर रियासत में एक साथ महान क्रांति भूमकाल की आग सुलग उठी थी।

- राजीव रंजन प्रसाद 
============

राजा-प्रजा दोनो के नाम से राजधानी (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 41)


राजाओं-महाराजाओं के नाम पर कितने ही नगर और शहर बसे हैं लेकिन ऐसे उदाहरण इतिहास में कम है जब प्रजा के नाम पर उन्होंने ऐसा किया हो। इसके ही अपवाद स्वरूप जगदलपुर शहर के बसने और उसके नामकरण की रुचिकर कहानी है। कहते हैं कि जगतुगुड़ा कभी केवल ग्यारह झोपड़ियों का छोटा सा गाँव, जिसके मुखिया का नाम जगतु माहरा था। वह राजा दलपतदेव (1731-1774 ई.) के शासन का समय था। उस दौर में निरंतर हो रहे मराठा आक्रमणों के दृष्टिगत एक सुरक्षित राजधानी स्थल की तलाश की जा रही थी। राजा दलपतदेव शिकार करते हुए इंद्रावती नदी के किनारे बसे गाँव जगतुगुड़ा पहुँचे जो घने जंगलों से घिरा हुआ था। एकाएक उनकी निगाह के आगे से आश्चर्य कर देने वाला दृष्य गुजरा। खरगोश एक शिकारी कुत्ते को निर्भीक हो कर दौड़ा रहा था। राजा सोच में पड़ गये, उन्हें लगा कि इस स्थान और यहाँ की मिट्टी में अवश्य कुछ विशेष है। कमजोर प्राणी यदि वीरता दिखा सकता है तो संभव है मराठा शासन के आक्रमणों से बचने के लिये यही स्थान सर्वश्रेष्ठ राजधानी सिद्ध हो। 

राजा ने वैकल्पिक भूमि प्रदान कर जगतुगुडा हासिल कर लिया। राजधानी को अपने विस्तार के लिये भू-भाग की आवश्यकता होती है। इसी क्रम में जगतु माहरा के छोटे भाई धरमू से भी उसके गाँव की भूमि प्राप्त की, जो जगतुगुडा से कुछ ही दूरी पर स्थित थी।  धरमू के गाँव वाले स्थान को उसके ही नाम पर धरमपुरा के नाम से आज भी जाना जाता है। नयी राजधानी का नाम इसके संस्थापक शासक दलपतदेव के नाम पर दलपतपुर नहीं अपितु वास्तविक भूस्वामि को समुचित सम्मान दे कर जगदलपुर रखा गया। जगदलपुर नाम में ‘जग’ जगतु का एवं ‘दल’ राजा दलपतदेव का परिचायक है।  प्रजा के नाम का राजा के नाम से पहले उपयोग किया जाना भी सुखद आश्चर्य उत्पन्न करता है। 

- राजीव रंजन प्रसाद 
==============

Friday, July 28, 2017

अंग्रेजों वाला विकास (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 40)


रायबहादुर पंडा बैजनाथ (1903 – 1910 ई.) बस्तर राज्य में अधीक्षक की हैसियत से नियुक्त हुए थे। वे अंग्रेजों द्वारा प्रसारित विकास की परिभाषा से अक्षरक्ष: सहमत थे और अपनी सोच के प्रतिपादन को ले कर कट्टर भी। यह उनका अतिउत्साह था कि जगदलपुर से चांदा जाने वाली सड़क सन 1904 में पूरी कर ली गयी। सन 1907 ई. तक अतिदुर्गम मार्ग कोंडागाँव-नारायणपुर-अंतागढ़, तक सड़क बना ली गयी थी जिसे बाद में डोंडीलोहारा होते हुए राजनांदगाँव तक बढ़ा दिया गया। पण्डा बैजनाथ के कार्यकाल में धमतरी से जगदलपुर तक टेलीग्राफ लाईन बिछाने का काम जोरों से चल रहा था। बाहर-बाहर बदलाव महसूस हो रहा था; भीतर-भीतर राज्य में गहरी शांति थी। व्यवस्था और जनता के बीच कुछ टूट गया। व्यवस्था, आवरण और चेहरा बदलने में लगी रही और आवाम चौंधियाई आँखों से देख रहा था कि इस सबमें उसका अस्तित्व कहाँ है? सड़क पर उसे डामर की तरह पिघलाया जा रहा है जबकि उसके पसीने की कोई कीमत नहीं? बिना दाम में उत्तम काम पराधीन देश में भी केवल बस्तर राज्य में संभव था। पंडा बैजनाथ का प्रशासन निरंकुशता का द्योतक था जबकि उनके कार्य प्रगतिशील प्रतीत होते थे। उदाहरण के लिये शिक्षा के प्रसार के लिये उन्होंने उर्जा झोंक दी किंतु इसके लिये आदिवासियों को विश्वास में लेने के स्थान पर शिक्षकों को निरंकुश बना दिया। पुलिस को बच्चों को जबरदस्ती विद्यालय में पहुँचाने के निर्देश दिये गये। बालक के विद्यालय न जाने की स्थिति में उसके पालक को सजा दी जा रही थी। इधर उनके द्वारा अंग्रेजों की निर्मित वन नीति के सख्ती से प्रतिपादन के बाद आदिवासियों के पास ऐसी कोई वस्तु शेष नहीं रही थी जिसे बेच कर वे व्यापारियों से नमक, कपड़ा, तेल या इसी तरह की दूसरी आवश्यक वस्तुओं को प्राप्त करें। यह सबकुछ सुलग कर वर्ष 1910 के महान भूमकाल का कारण बना। भूमकाल के दौरान विद्रोही लगातार पंडा बैजनाथ की तलाश कर रहे थे लेकिन वे किसी तरह राज्य मे बाहर निकल पाने में सफल हो गये। 

- राजीव रंजन प्रसाद  

========== 

Wednesday, July 26, 2017

जन-संघर्ष और स्कंदवर्मन (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 39)


अर्थपति भट्टारक (460-475 ई.) राजसिंहासन पर बैठे तब महाकांतार से कोशल तक तथा कोरापुट से बरार तक के क्षेत्र पर नल-त्रिपताका लहराने का दौर था। अर्थपति विलासी शासक प्रतीत होते हैं, कदाचित व्यसनी। वाकाटक नरेश पृथ्वीषेण (460-480ई.) ने नलों की राजधानी नन्दिवर्धन पर तीन दिशा से हमला कर दिया। अर्थपति नल साम्राज्य की प्राचीन राजधानी पुष्करी की ओर भागे लेकिन वहाँ तक भी उनका पीछा किया गया। एक-एक प्रासाद और मकान तोड़ दिया गया। इसके बाद पृथ्वीषेण ने अर्थपति भट्टारक को उसके हाल पर छोड़ दिया और वह नव-विजित राजधानी नन्दिवर्धन लौट आया। अर्थपति के निधन के बाद उनके छोटे भाई स्कंदवर्मन (475-500 ई.) का अत्यधिक साधारण समारोह में राजतिलक किया गया। यह राजतिलक केवल परम्परा के निर्वाह के लिये ही था क्योंकि उनके पास न तो भूमि थी न ही कोई अधिकार। 

स्कंदवर्मन ने अपने विश्वासपात्र साथियों के साथ खुले वातावरण में बैठक की तथा अपने दिवास्वप्न से मित्रो को अवगत कराया। वे महाकांतार से वाकाटकों को खदेड़ कर नल-राज पताका पुन: प्रशस्त करना चाहते थे। स्कंदवर्मन एक कुशल योजनाकार थे; अद्भुत संगठन क्षमता थी उनमें। राजधानी से दूर महाकांतार की सीमाओं में रह रही प्रजा को सैन्य-प्रशिक्षण दिया जाने लगा। वाकाटक राजाओं को कमजोर करने का कार्य उनकी जन-विरोधी नीतियों ने भी स्वत: कर दिया था। वाकाटकों से असंतुष्ट धनाड्यों ने चुप-चाप स्कंदवर्मन तक आर्थिक मदद भी पहुँचायी। पहले छापामार शैली में छुट-पुट आक्रमण किये गये। छोटी छोटी जीत, शस्त्रों और सामंतों के पास संग्रहित करों की लूट से प्रारंभ हुआ अभियान अब स्वरूप लेने लगा। वाकाटकों के आधीन अनेकों सामंतो ने अवसर को भांपते हुए अपनी प्रतिबद्धता बदल ली। इधर राजा पृथ्वीषेण की मृत्यु के पश्चात वाकाटक और भी कमजोर हुए थे; ज्येष्ठ पुत्र देवसेन ने महाकांतार की सत्ता संभाल ली थी। स्कंदवर्मन ने नन्दिवर्धन किले पर विजय हासिल कर देवसेन को उसी शैली में निर्वासित कर दिया गया जैसा हश्र कभी अर्थपति भट्टारक का हुआ था।

- राजीव रंजन प्रसाद 

===========

कॉग्रेस का काकीनाड़ा अधिवेशन और बस्तर (बस्तर: अनकही-अनजानी कहानियाँ, भाग – 38)


यह बार बार उठने वाला प्रश्न है कि जिस दौरान राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन मुखर था, उन दिनों बस्तर के भीतर कैसी गतिविधियाँ चल रही थीं? बस्तर रियासत ने एकजुटता के साथ अंग्रेजों का विरोध किया, इसका बड़ा उदाहरण तो वर्ष 1910 का महान भूमकाल है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक-सूत्रता वाली राष्ट्रीय चेतना का अहसास भी उस दौर में धीरे धीरे बस्तर पहुँचने लगा था। जगदलपुर के ग्रिग्सन हाई स्कूल में यूनियन जैक का जलाया जाना इस दिशा की एक महत्वपूर्ण घटना है। भारतीय राष्ट्रीय कॉग्रेस की पहुँच कांकेर रियासत तक सहज हो गयी थी किंतु इसके आगे का बस्तर क्षेत्र उनकी गतिविधियों से अनजान था। ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय कॉग्रेस का काकीनाड़ा अधिवेशन महत्व का है। ऐसा नहीं कि इस अधिवेशन में बस्तर को ले कर कोई प्रस्ताव आया अथवा उसपर कोई चर्चा भी हुई। कुछ जुझारू कॉग्रेस सदस्यों व स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्रयासों से इसकी कडी बस्तर से जोड़ दी। 

यह विदित है कि भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस का वर्ष 1923 में आयोजित अधिवेशन मौलाना मुहम्मद अली की अध्यक्षता में आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा शहर में हुआ था। देश भर से इस अधिवेशन में भाग लेने के लिये कार्यकर्ता अपने अपने साधनों-संसाधनों से पहुँच रहे थे। इसी  अधिवेशन में प्रतिभागिता के लिये धमतरी से पच्चीस कार्यकर्ताओं का एक जत्था भी जाने वाला था। इस जत्थे में सम्मिलित कार्यकर्ताओं ने काकीनाडा तक पदयात्रा करने का सुनिश्चित किया। इस यात्रा के लिये बस्तर से हो कर आंध्र जाने वाले मार्ग का चयन किया गया। कॉग्रेस कार्यकर्ताओं के इस जत्थे ने बस्तर में महात्मा गाँधी के विचारों और स्वतंत्रता की आवश्यकता के संदेशों को पूरे रास्ते प्रचारित किया। उल्लेख मिलता है कि यह जत्था प्रतिदिन पंद्रह से बीस मील की यात्रा पूरी करता। बस्तर के जनजातीय क्षेत्रों में भाषा की बाध्यता को देखते हुए सत्याग्रहियों द्वारा महात्मा गाँधी तथा नेताओं की तस्वीरों का सहारा लिया गया था। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की ऐसी घटनायें छोटी प्रतीत होती हैं किन्तु ऐसे ही प्रयासों ने एकजुटता में अपनी भूमिका निभाई थी। बस्तर में जगदलपुर तथा कांकेर जैसे रियासत के नगरीय क्षेत्रों में स्वतंत्रता पूर्व कॉग्रेस ने धीरे धीरे ऐसे ही सतत प्रयासों से अपनी पैठ बना ली थी।

- राजीव रंजन प्रसाद 
===========