Showing posts with label नल साम्राज्य. Show all posts
Showing posts with label नल साम्राज्य. Show all posts

Wednesday, December 19, 2012

नल युगीन बस्तर के अविस्मरणीय नायक थे स्कंदवर्मन

सान्ध्य दैनिक ट्रू सोल्जर में 18.12.12 को प्रकाशित
इतिहास की पडताल करने पर नलयुगीन शासक स्कंदवर्मन (475-500ई.)विलक्षण नायक नज़र आते हैं। उन्हें विरासत में एक ध्वस्त राजधानी तथा मुट्ठी भर साथी ही मिले थे। इससे विचलित हुए बिना उन्होंने न केवल नल सत्ता को पतन से उबारा अपितु पुन: उसके गौरव की भी स्थापना की। वह नल साम्राजय जिसे सम्राट समुद्रगुप्त नें अपने आधीन कर लेने के बाद भी एक स्वतंत्र सत्ता बनाये रखा था वस्तुत: अर्थपति भट्टारक (460-475ई.)के समय के आते आते कमज़ोर हो गया था। अर्थपति एक विलासी शासक प्रतीत होते हैं, कदाचित व्यसनी। वे आम जनता का विश्वास और सहानुभूति खो चुके थे और बहुतायत समय सुरा-सुन्दरी में डूबे हुए ही व्यतीत करते थे। इतिहास गवाह है कि एसे शासक कभी भी सत्ता पर पकड़ नहीं बनाये रख सके हैं। मध्य क्षेत्र में अत्यधिक शक्तिशाली वाकाटक नरेशों को एसे ही समय की प्रतीक्षा लम्बे समय से थी। वाकाटक नरेश पृथ्वीषेण (460-480ई.)नें नलों की राजधानी नन्दिवर्धन पर तीन दिशा से हमला कर दिया। यह इतना शक्तिशाली हमला था कि अंतत: अर्थपति भट्टारक को अपनी राजधानी छोड कर भागना पड़ा। अपनी बार बार पराजय तथा असफलताओं से त्रस्त वाकाटक राजा इतने उद्वेलित थे कि पृथ्वीषेण नें नल साम्राज्य को जड़ से उखाड देने के संकल्प के साथ ही आक्रमण किया था। अर्थपति नल साम्राज्य की प्राचीन राजधानी पुष्करी की ओर भागे लेकिन वहाँ तक भी उनका पीछा किया गया। स्वयं पृथ्वीषेण अपनी सेना के साथ पुष्करी पहुँचे और इस नगरी को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया गया। एक-एक प्रासाद और मकान तोड़ दिया गया। इसके बाद पृथ्वीषेण ने अर्थपति भट्टारक को उसके हाल पर छोड़ दिया और वह नव-विजित राजधानी नन्दिवर्धन लौट आया।   

अर्थपति गहन विषाद में रहने लगे। वे ध्वस्त राजधानी और कदमों से नापी जा सकने जितनी भूमि पर बची सत्ता के साथ रह गये थे। मदिरा ने साथ नहीं छोड़ा इसलिये शीघ्र ही शरीर ने साथ छोड़ दिया। अर्थपति के निधन के बाद उनके छोटे भाई स्कंदवर्मन का अत्यधिक साधारण समारोह में राजतिलक किया गया। यह राजतिलक केवल परम्परा के निर्वाह के लिये ही था क्योंकि उनके पास न तो भूमि थी न ही कोई अधिकार। कहते हैं संयमी और दूरदर्शी व्यक्ति कभी हौसला नहीं खोते तथा केवल लक्ष्यदृष्टा होते हैं। स्कंदवर्मन ने अपने विश्वासपात्र साथियों के साथ खुले वातावरण में बैठक की तथा अपने दिवास्वप्न से मित्रो को अवगत कराया। वे महाकांतार से वाकाटकों को खदेड़ कर नल-राज पताका पुन: प्रशस्त करना चाहते थे। सभी साथी हँस पडे; यह असंभव था। वह तथाकथित राजा जो इस समय पत्थर पर बैठ कर चन्द साथियों को सम्बोधित कर रहा हो महान वाकाटक सत्ता को खदेड़ना चाहता था – नितांत असंभव ही तो था।  

क्या उन्होंने दिवास्वप्न देखा था? स्कंदवर्मन एक कुशल योजनाकार थे; अद्भुत संगठन क्षमता थी उनमें।  वे स्वयं घर घर पहुँचने लगे। उनका चित्ताकर्षक व्यक्तित्व और प्रखर वक्ता होना शनै:-शनै: कार्य करने लगा। राजधानी से दूर महाकांतार की सीमाओं में रह रही प्रजा को सैन्य-प्रशिक्षण दिया जाने लगा। बीस सैनिकों की संख्या दो सौ में बदली। दो सौ सैनिकों की संख्या दो हजार तक पहुँची और दिन प्रति दिन नागरिक जुटते रहे। वाकाटक राजाओं को कमजोर करने का कार्य उनकी जन-विरोधी नीतियों नें भी स्वत: कर दिया था। वाकाटकों से असंतुष्ट धनाड्यों ने चुप-चाप स्कंदवर्मन तक आर्थिक मदद भी पहुँचायी। पहले छापामार शैली में छुट-पुट आक्रमण किये गये। छोटी छोटी जीत, शस्त्रों और सामंतों के पास संग्रहित करों की लूट से प्रारंभ हुआ अभियान अब स्वरूप लेने लगा। वाकाटकों के आधीन अनेकों सामंतो ने अवसर को भांपते हुए अपनी प्रतिबद्धता बदल ली। महाकांतार के आधे से अधिक भाग से पृथ्वीषेण खदेड़ दिये गये, नल-त्रिपताका का गौरव लौटने लगा। इधर राजा पृथ्वीषेण की मृत्यु के पश्चात वाकाटक और भी कमजोर हुए थे; ज्येष्ठ पुत्र देवसेन नें महाकांतार की सत्ता संभाल ली थी। 

अपनी ओर बढते हुए खतरे को भाँप कर नन्दिवर्धन किले को सुरक्षित करने में स्वयं राजा देवसेन ने रुचि ली; किंतु चिड़िया के खेत चुगने के बाद। स्कंदवर्मन के हाँथियों ने नन्दिवर्धन किले के मुख्यद्वार को धकेलना आरंभ किया ही था कि राजधानी को साँप सूंघ गया। देवसेन के लिये यह समझ पाना ही कठिन हो रहा लगा था कि कैसे इतने अल्पकाल में नल पुन: शक्तिशाली हो गये हैं। मुख्य द्वार तोड़ दिया गया। पैदल सैनिक शोर करते हुए किले के भीतर घुस आये। पीछे पीछे घुड़सवार सैनिकों ने मोर्चा संभाला हुआ था। तभी महल के उपर ‘श्वेत-ध्वज’ लगा दिया गया। सुसज्जित हाँथी पर लगे स्वर्ण हौदे पर आसीन हो कर स्कंदवर्मन ने नन्दिवर्धन किले के भीतर प्रवेश किया। देवसेन को उसी शैली में  निर्वासित कर दिया गया जैसा हश्र कभी अर्थपति भट्टारक का हुआ था। अपने पुत्र हरिषेण और कुछ विश्वासपात्र साथियों के साथ वे कोशल की ओर भाग गये।    

यह घटना प्राचीन अवश्य है किंतु इसकी प्रासंगिकता में लेशमात्र भी कमी नहीं आयी है। जनता उसी के साथ खडी होती है जो स्वयं जमीन से आ कर जुडे। यही किसी आन्दोलन का प्राचीनतम स्वरूप है तथा एसे ही आज भी संघर्ष होते हैं। इस उदाहरण का यह अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिये कि उसी महाकांतार क्षेत्र में आज जारी माओवादी आतंकवाद को जन-संघर्ष कह दिया जाये। हमे यह समझना चाहिये कि क्रांतिकारी कनपट्टी पर बन्दूक धर दिये जाने से पैदा नहीं होते। क्रांति का अंतिम लक्ष्य भले ही वैश्विक हो तथापि वह अपने नितांत क्षेत्रीय व लौकिक कारणों की उपलब्धता के बाद ही किसी क्षेत्र में पनप सकती है। स्कंदवर्मन एक जननायक इस लिये थे क्योंकि वे जुडना जानते थे जिसके लिये आम जन की निजता, उनके सरोकारों, उनकी मान्यताओं, उनकी परम्पराओं की हत्या करने की आवश्यकता नहीं है जैसा कि वर्तमान में माओवादी कर रहे हैं। एक जननायक को एक आम आदिवासी का वैसे ही बन जाने की आवश्यकता है जैसे कि वे स्वयं हैं। कंधे पर बंदूख की बट मार मार कर लाये जाने वाले बदलाव कभी शास्वत नहीं हो सकते अपितु इससे एक भटका हुआ समाज जन्म लेगा जो अपनी जडों से बलात काट दिये जाने के कारण नितांत अदूरदर्शी और घातक हो सकता है। बस्तर में स्कंदवर्मन को पहला जन नायक कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी तथा वाकाटकों को महाकांतार अर्थात प्राचीन बस्तर क्षेत्र से खदेडने को पहली सफल क्रांति भी कहा जा सकता है। यह भी उल्लेखनीय है कि नल राजाओं का शासनकाल जन-प्रियता तथा स्थिरता के लिये जाना जाता है चूंकि उनमें जमीन से जुडे होने की दक्षता विद्यमान थी। 

Friday, December 14, 2012

बस्तर की नल सत्ता (300-925 ई. तक) का सामाजिक आर्थिक पक्ष।

सांध्य दैनिक ट्रू-सोल्जर में दिनांक 14.12.12 को प्रकाशित
प्राचीन बस्तर के नल साम्राज्य की सामाजिक-आर्थिक दशा और दिशा का विवेचन आवश्यक है। यह युग जब मौर्य साम्राज्य का पतन हो गया था; गुप्त साम्राज्य नें महाकांतार को शासन स्वायत्ता दे दी और वे भी उत्तर भारत की राजनीति में ही केन्द्रीभूत रह गये। महाकांतार की राजनीति को वाकाटक सत्ता की एक मात्र चुनौती निरंतर मिलती रही थी इसके बाद भी नल साम्राज्य (300-925 ई. तक) नें शांतिप्रिय एवं स्थिर सत्ता प्रदान की। राजनीतिक स्थिरता के साथ ही साथ यह समय एक महान धार्मिक आन्दोलन के पटाक्षेप का भी रहा; अब बुद्ध और जैन धर्म के ज्ञान और दर्शन का आलोक सिमटने लगा था। वैदिक धर्म का पुनरुत्थान होने लगा। 

नल साम्राज्य के समय का महाकांतार केन्द्रीय सत्ता के अंतर्गत अनेकों अर्ध स्वतंत्र राज्यों में बटा हुआ था जिन्हें मण्डल कहा जाता था। उस काल के ज्ञात मण्डल हैं - चक्रकोट्ट मंडल (यह वेंगी तथा दक्षिण कोसल के मध्य अवस्थित था जिसपर इस क्षेत्र को बस्तर तथा कोरापुट क्षेत्र की सम्मिलित क्षेत्र में उपस्थित माना जा सकता है जिसकी राजधानी बारसूर थी); भ्रमरकोटय मण्डल (यह चक्रकोट्ट मण्डल का पूर्वी क्षेत्र रहा है। इसे आधुनिक उपरकोट कहा जा सकता है तथा राजधानी तरभ्रमरक थी। यहाँ नल आधीनता में तुष्टीकर राजवंश का शासन चल रहा था);  खिडिडरश्रृंग मण्डल (धारकोट, बडबढ, शेरगढ तथा सोरढ जमीन्दारियों का संयुक्त क्षेत्र); कमल मण्डल (कालाहाण्डी तथा राजिम का क्षेत्र);  वड्डाडि मण्डल (यह मदगोल क्षेत्र का वाचक है तथा नरसीपटम के पूर्व में अवस्थित है); शूय क्षेत्र (बस्तर से लगा कालाहाण्डी का क्षेत्र); नलवाडी (यह अनेक मण्डलों का समूह रहा होगा तथा नल सत्ता का केन्द्रीय क्षेत्र होना चाहिये); कमण्डलु पट्ट (यह एक जनपद का वाचक था जिसके अंतर्गत भीमनगर ग्राम भी आता था)। राज्य की इकाईयो के रूप में मण्डल, भोग, विषय, पुर, ग्राम आदि विभाजन प्रचलित थे। प्रत्येक मण्डल में अनेक छोटे प्रांत आते थे जिसके अधिकारी सामंत कहे जाते थे। छोटे प्रांतो के बाद की इकाई राष्ट्र थी जिसके अधिकारी राष्ट्रकूट कहे जाते थे। राष्ट्र भुक्तियों में बँटा हुआ था जिसके बाद की इकाई पुर (नगर) तथा ग्राम थे। नल शासन ’सम्राट केन्द्रित’ था तथा शासक स्वयं को ‘राजा’, ‘महाराज’ अथवा ‘महाराजाधिराज परमेशवर’ आदि विभूषित करते थे। राजा का ज्येष्ठ पुत्र ही राज्याधिकार प्राप्त करता था जिसे भट्टारक कहा जाता था। राजमहिषि को भट्टारिका सम्बोधन प्राप्त था। राजप्रासाद के कर्मचारियों के पद  - रहस्याधिकृत (गुप्तचर विभाग का प्रमुख), महाबलाधाकृत (सेनापति), संधिविग्रहिक (विदेश मंत्री), प्रतीहार, विनयासुर, प्रतिनर्तक, भट (सिपाही) आदि थे। शासन प्रबन्ध अमात्यों (मंत्रियों) द्वारा चलाया जाता था। नल साम्राज्य के अंतिम ज्ञात शासकों में भीमसेन (लगभग 900 – 925 ई.) प्रमुख हैं तथा उनके समय तक सामंत व्यवस्था का पूरी तरह आधुनिकीकरण हो गया था। अब सामंत शक्तिशाली थे एवं अपने क्षेत्र के आंतरिक मामलों में स्वतंत्र होते थे; यद्यपि सामंतो को राजाज्ञा का पालन करना आवश्यक था। सामंतो के कार्यों पर राजा की ओर से संधिविग्रहिक निगरानी रखते थे।

प्राचीन बस्तर में नल-राजशाही अनियंत्रित अथवा निरंकुश नहीं थी। शासक धर्मभीरु थे तथा जनता के सुख-दु:ख में सहभागी भी थे। ज्ञात लगभग सभी नल अभिलेखों में धर्म को सत्ता संचालन का आधार माना गया है जिसके अभाव में नरक की कामना की गयी है – “षष्टि वर्षसहस्त्राणि स्वर्गे नन्दति भूमिद:। आक्षेप्ता चानुमंता च तान्येव नरके वसेत”। अभिलेखों में यह उल्लेख मिलता है कि गाय, ब्राम्हण तथा प्रजा का कल्याण ही राजा का कल्याण है – “स्वस्ति गो ब्रम्हाणप्रजाभ्य: सिद्धिरस्तु”। राजा अत्यंत धर्मभीरु होते थे जिसकी परिणति में ब्राम्हणों को भूमिदान-लाभ प्राप्त होता रहा है। उल्लेख मिलता है कि भवदत्तवर्मन (400-440 ई.) नें अपनी पत्नी अचली भट्टारिका के साथ दाम्पत्य सम्बन्ध से अनुग्रहीत हो कर पाराशरगोत्रीय ब्राम्हण मात्राढयार्य तथा उसके आठ पुत्रों को कदम्बगिरि ग्राम दान में दिया था। अर्थपति (460-475 ई.) नें कौत्सगोत्रीय ब्राम्हण रविरार्य तथा रविदत्तार्य को केसेलक गाँव दान में दिया था। स्कंदवर्मा (475-500 ई.) नें अपने माता-पिता तथा पितामह के धर्मलाभार्थ, पुष्करी में भगवान विष्णु का पवित्र पादमूल निर्मित करवाया था। विलासतुंग (700-740 ई.) नें अपने स्वर्गीय पुत्र की पुण्याभिवृद्धि के लिये विष्णु मंदिर का निर्माण करवाया तथा काश्यपगोत्रीय ब्राम्हण भट्टपाजूनि को कूर्मतला नामक गाँव दान दिया था। भवदत्त वर्मा के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र से यह ज्ञात होता है कि उस युग में न्याय का अलग विभाग रहा होगा जिसका कार्य सभी विवादों व झगडों को निबटाना रहा होगा – “सर्ववाद परिहीन:”; अंतिम न्यायाधीश राजा हुआ करता था।   

नल युगीन प्राचीन बस्तर की जीवन शैली में वेद-वर्णित चारो वर्णों (ब्राम्हण-क्षत्रिय-वैश्य-शूद्र) का उल्लेख मिलता है। इसके अतिरिक्त कुछ व्यवसाय भी जो उस समय प्रचलित थे जैसे शिल्पकार, स्वर्णकार, लौहकार आदि भी बाद में जाति सूचक हो गये। वैश्यों की संख्या समाज में सर्वाधिक थी तथा व्यावसायी, उद्योगपति, पशुपालक आदि होने के कारण यह धनी वर्ग था तथा राज्य को प्रमुखता से कर इसी वर्ग से प्राप्त होता था। प्राचीन बस्तर में जाति व्यवस्था का बहुत कठोरता से पालन होता होगा एसा प्रतीत नहीं होता। राजा भवदत्त वर्मा (क्षत्रिय) की पत्नि अचली (वैश्य) थी। भवदत्त वर्मा के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र का टंकणकर्ता/खनक एक ब्राम्हण - पद्दोपाध्याय का पुत्र बोपदेव है – ‘पद्दोपाध्यायपुत्रस्य पुत्रेण बोप्पदेवेन क्षतिमिदं’। उस युग में उपाध्याय वेदपाठी ब्राम्हण होते थे तथा बोपदेव द्वारा खनक (खनक जाति शूद्र मानी गयी है) का कार्य करना समाज में एक प्रकार के खुलेपन की दिशा बताता है। निश्चित ही समाज में दास प्रथा भी विद्यमान रही होगी। एक प्राचीन नल अभिलेख में ‘जांतुरदास’ का उल्लेख किया गया है – “भक्त्या जांतुरदासेन”। किंतु इस विवरण के साथ यह भी ज्ञात होता है कि जांतुरदास एक कवि थे एवं राजा स्कन्दवर्मा के पोडागढ अभिलेख के वे रचयिता थे; यह कार्य ब्राम्हणों का माना जाता था।  तद्युगीन एक दास द्वारा अभिलेख लेखन एवं छंद रचना किया जाना यह दर्शाता है कि सामाजिक जटिलतायें - रूढीवादिता और ढकोसलावाद में इस समय तक तब्दील नहीं हुई थीं। जान्तुरदास नें पोड़ागढ अभिलेख में तेरह पद्यों की रचना आर्या तथा अनुष्टुप छंदो के अंतर्गत की है। जांतुरदास का यह छंद देखिये जिसमें अंत्यानुप्रास अलंकार अद्भुत रूप में प्रयुक्त हुआ है – “अप्रवेश्यं भटैश्चेदं सदां करविसर्जितं। श्रीचक्रद्रोणपुत्रायं यथोचितं”। समाज में आश्रम व्यवस्था का भी आंशिक रूप से ही पालन होने के प्रमाण मिलते हैं। स्कंदवर्मा के अभिलेखों में अग्रहार का उल्लेख है; अग्रहारों में ब्रम्हचारी शिक्षा ग्रहण किया करते थे। इस युग के प्राय: सभी ज्ञात ब्राम्हण गृहस्थ थे। वानप्रस्थ तथा सन्यास को एक ही आश्रम – ‘यति’ माना जाने लगा था। कालिदास नें भी अपनी कृति रघुवंश में तीन ही आश्रम का उल्लेख किया है। उल्लेख मिलता है कि राजा स्कंदवर्मन नें यतियों को दक्षिणा दी – “सत्वोपभोज्यं विप्राणां यतीनात्जच विशेषत:”। नल अभिलेखों में चार ऋणों से मुक्त होने की अवधारणा के प्रचलन का भी संकेत मिलता है। देवऋण से मुक्त होने के लिये यज्ञ, ऋषिऋण से मुक्त होने के लिये अध्ययन, पितृऋण से मुक्त होने के लिये संतानोत्पत्ति तथा मनुष्यऋण से मुक्त होने के लिये गो-ब्राम्हण पूजा समाज में व्याप्त थी। 

नलयुगीन बस्तर का समाज मूल रूप से संस्कृतभाषी था। भाषा में प्राकृत तथा स्थानीयता के प्रभाव के उदाहरण भी कहीं कहीं दृष्टिगोचर होते हैं। ताम्रपत्रों-शिलालेखों से उद्धरित कुछ नाम जैसे मालि, बोप्पदेव, सामंताक, आगिस्मामि, भट्टपाजिनि आदि प्राकृत के निकट हैं। यह संभावना बनती है कि आदिवासी तथा कृषक समाज संस्कृत समझता अवश्य रहा होगा किंतु जनसाधारण की बोलचाल की अपनी ही भाषा-बोली विद्यमान रही होगी। इस युग में नारी की स्थिति संतोषजनक मानी जा सकती है। उसे यज्ञादि में समान रूप से भाग लेने का अधिकार था साथ ही राजस्त्रियों द्वारा दान आदि किये जाने के उल्लेख ताम्रपत्रों व शिलालेखों से प्राप्त होते हैं। अभिजात्य वर्ग द्वारा पहने जाने वाले वस्त्र कलात्मक होते थे जिसकी पुष्टि उस युग की प्राप्त मूर्तियों से होती है। राजिम स्थित राजा विलासतुंग द्वारा निर्मित मूर्तियों में मुमुट, वैजयंतिमाला, केयुर, कुण्डल, भुजबन्ध, कंगण, हार, कर्णशोभन, तीन लडियों वाली मोतियों की माला आदि गहने प्रमुखता से देखे गये है। तद्युगीन देव-मूर्तियाँ कई प्रकार के केश विन्यासों एवं बालों में पुष्पसज्जा की ओर इशारा करती हैं जिससे सहज अंदाजा लगता है कि समाज में श्रंगार महत्वपूर्ण स्थान रखता था। भोजन के प्रकारों का विवरण नहीं मिल सका है किंतु क्षीर तथा सोम का पेय में प्रचलन था। बस्तर क्षेत्र में महुवे के पेड बहुतायत संख्या में है अत: स्वाभाविक था कि मधुकलतिया (महुवे की शराब) चलन में थी। अभिलेखों के अनुसार मनोरंजन के लिये शिकार करने तथा जलक्रीडा किये जाने का उल्लेख मिलता है। राजिम से प्राप्त मूर्तियों में मृदंग दृष्टव्य है तथा देवी देवताओं की नृत्य मुद्रा दृश्टिगोचर हो रही है; यह निर्विवाद है कि नृत्य संगीत आमोद-प्रमोद का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे होंगे। 

वैदिक युग से ही दो तरह के सिक्के राजवंशो द्वारा चलन में लाये गये थे पहला ‘निष्क’ जो कि चित्रपूर्ण तथा अंक पूर्ण मुद्रा थी जब की दूसरी ‘हिरण्य’ कहलाती थी; यह  स्वर्ण पिण्ड मात्र होता था किंतु उसपर कोई चित्र या अंक नहीं उकेरा जाता था। नलवंशीय बस्तर में ये दोनो ही प्रकार चलन में थे। घना जंगल और अत्यधिक पिछडा क्षेत्र कहे जाने वाले आज के बस्तर में एक समय में स्वर्ण तथा रौप्य (चाँदी) मुद्राओं से अर्थव्यवस्था संचालित थी यह बात आश्चर्य से भर देती है। बात 1939 ई. की है जब स्थानीय प्रशासन को किसी व्यक्ति के पास राजनान्दगाँव के एडेंगा गाँव से प्राचीन सोने के सिक्के पाये जाने की भनक लगी; जब तक उन्हें प्राप्त किया जाता, एक सोनार नें कई सिक्के गला दिये थे। यह नल युगीन बस्तर की विरासत थी। यह सौभाग्य था कि बत्तीस सोने के सिक्के अच्छी हालत में प्राप्त कर लिये गये; इनमें उनत्तीस सिक्कों पर वाराहराज (400-440 ई.); एक सिक्के पर भवदत्तराज (400-440 ई.) तथा दो सिक्कों पर अर्थपतिराज (460-475 ई.) अंकित है। राज्य की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार “कर-प्रणाली” थी। एडेंगा से प्राप्त राजों के नाम अंकित मुद्राओं के अतिरिक्त राजा भवदत्त के ऋद्धिपुर ताम्रपत्र के अनुसार सभी कृषकों को हिरण्य अथवा अन्य प्रकारों (रौप्य, अन्न आदि) से कर चुकाने के निर्देश दिये गये हैं – “विषयोचिता: हिरण्यादय: सर्व्वप्रत्याया: दातव्या:”। राज्य द्वारा दान में दी गयी भूमि पर भी निश्चित कर लिया जाता था। राज्य एसी समस्त भूमि का स्वामि था जिसका कोई उत्तराधिकारी न हो शेष निजी सम्पत्ति होते थे तथा उन पर भूमिकर देय था। निजी सम्पत्ति माने जाने के कारण भूमि का क्रय-विक्रय भी होता था। भूमि के मानक माप निवर्तन (लगभग ढाई एकड) , हल (लगभग 5 एकड) तथा वाटक (यह 5 कुल्यवाप के बराबर होता था; एक कुल्यवाप निर्धारित आकार की टोकरी भरे बीज बोये जाने जितनी क्षमता भर भूमि होती थी) थे। तौल भी पूर्णत: विकसित प्रक्रिया थी। सोना चाँदी तौलने के लिये कर्ष (80 रत्ती) या पल (320 रत्ती) प्रयोग में आते थे। भारी वस्तुओं के लिये माप थे कुडव (चार पल के बारबर); प्रस्थ (चार कुडव के बराबर); आढक (चार प्रस्थ के बाराबर); द्रोण (चार आढक के बराबर) आदि।  

नल समृद्ध और शक्तिशाली थे। उनके समकालीन भारत के मध्य क्षेत्र में वाकाटक शक्तिशाली सत्ता थी जिनकी दृष्टि प्राचीन बस्तर क्षेत्र पर कई कारणों से हमेशा लगी रही। पहला कि कलिंग और वाकाटकों के बीच में बडी दीवार थे नल और दूसरा व्यापार की दृष्टि से उत्तर से दक्षिण की ओर जाने का मार्ग नल राज्य की सीमा से हो कर गुजरता था। इस परिस्थिति में भी प्राचीन बस्तर में नल सत्ता वह गौरवशाली अतीत है जिसे वाकाटकों द्वारा रौंदा नहीं जा सका। कुछ प्रश्न अवश्य उठते हैं कि आदिवासी समाज और सत्ता के बीच कैसे सम्बन्ध रहे होंगे? क्या नल साम्राज्य के विषय में हम अब तक जितना जानते हैं वह आदिवासियों की अवस्थिति तथा उनकी दशा दिशा का प्रस्तुतिकरण नहीं है? एसा नहीं मानने के कई कारण उपलब्ध हैं पहला कि वह आदिवासी समाज जो मौर्य सेना में अपनी हिस्सेदारी निभाता रहा हो नल सत्ता की निश्चित ही ढाल बनता रहा होगा। दूसरा कि मुख्यधारा की राजनीति से बस्तर के आदिवासी 1966 के बाद पृथक हुए हैं अन्यथा इस अंचल की प्रजा जागरूक भी रही है तथा साहसी भी। आदिवासी जनता ही राजा की पदाति सेना, कृषक तथा आखेट की सहयोगी रही होगी। उल्लेख मिलते हैं कि नल शासकों की कृषि से आय सीमित थी। इसका कारण आदिवासी समाज में दाही/स्थानांतरिक तथा सामूहिक खेती का प्रचलन तथा कृषि के सदियों पुराने तरीकों का विद्यमान होना था। बस्तर एक लचीला समाज भी रहा है इसलिये जीवित तथा जिन्दादिल है और लम्बे समय से अपनी पहचान बनाये रख सका है। नल साम्राज्य का बार बार व विभिन्न कोणों से विश्लेषण आवश्यक है चूंकि आज की स्थिति तक पहुँचने की पडताल हमें प्राचीन बस्तर के अतीत में उतर कर इसी विन्दु से करनी होगी। एसा क्यों हुआ कि जिस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था स्वर्ण मुद्रायें संचालित करती हों वह कौडियों का हो कर रह गया? एसा क्यों हुआ कि जहाँ जान्तुरदास जैसे कवि और विद्वान रहे थे वह अशिक्षा और अंधकार के दलदल की ओर जाता गया? एसा क्यों हुआ कि जहाँ बुद्ध का भी प्रभाव रहा और महावीर का भी; जहाँ ह्वेनसांग भी आये और नागार्जुन भी वह क्षेत्र पहचान खोने की स्थिति तक पहुँच गया? इतिहास के अगले पन्ने सम्भवत: इन प्रश्नों का उत्तर रखते हों। उपसंहार में यह कहा जा सकता है कि नल शासन काल बस्तर के सर्वश्रेष्ठ समयों मे रहा है। बस्तर के इतिहास में नल शासक हमेशा वह बुनियाद माने जायेंगे जहाँ से संगठित सत्ता तथा व्यवस्थित प्रशासन का प्रारंभ होता है।

Friday, December 07, 2012

क्या बस्तर के ‘नल वंशीय शासक’ मूलत: आदिवासी थे?

सांध्य दैनिक ट्रू-सोल्जर में दिनांक 6.12.12 को प्रकाशित 

महाभारत के ‘नलोपाख्यान’ में नल-दमयंती की अतयंत रोचक प्रेम-कहानी वर्णित है। यही कथा महाकांतार क्षेत्र से नलों का सम्बन्ध जोडने की एकमात्र कडी प्रतीत होती है। विदर्भ देश के राजा भीम की पुत्री दमयंती और निषध के राजा वीरसेन के पुत्र नल दोनों ही अति सुंदर थे तथा एक दूसरे की प्रशंसा सुनकर बिना देखे ही परस्पर प्रेम करने लगे। विवाहेच्छुक इन्द्र, वरुण, अग्नि तथा यम दमयंती के स्वंवर में पहुचे तथा प्रेमकहानी ज्ञात होने के कारण वे सभी नल का रूप धारण कर ही आये थे। प्रेम को सही प्रेमी की पहचान स्वत: हो जाती है तथा इसके बाद नल-दमयंती का मिलन हो जाता है। इसी बीच नल अपने भाई पुष्कर से जुए में अपना सब कुछ हार जाता है। दोनों प्रेमी-दम्पति बिछुड़ जाते है; दमयंती चेदि देश के राजा सुबाहु की पत्नि की सैरन्ध्री बन कर कुछ समय व्यतीत करती है, किंतु फिर अनेक कष्टों से गुजर कर अपने पैत्रिक परिवार में पहुंच जाती है। इस बीच नल का संघर्ष जारी है तथा उसे कर्कोटक नामक के सांप नें डस लिया था जिससे कि उसका रंग काला पड़ गया था। दोनो प्रेमी विरहातुर हैं, मिलना चाहते हैं; लेकिन एक दूसरे को बेहतर जीवन देने की चाहत है इस लिये नल यह जान कर भी दमयंति से नहीं मिलते कि वह कहाँ है। दमयंति के पिता इस प्रेम के मर्म को जानते हैं अत: नल को ढूंढने की युक्ति लगाई जाती है; वे दमयंती के स्वयंवर की घोषणा करते हैं। कश्मकश तथा संघर्ष का अंत होता है जब नल-दमयंती का पुन: मिलन होता है। कथा सुखांत है तथा इसके अंत में अपने सौतेले भाई पुष्कर से पुनः जुआ खेलकर नल अपना खोया हुआ राज्य-सम्पदा पुन: प्राप्त कर लेते हैं। विस्तार से पढने योग्य यह कथा अत्यधिक रोचक है जिसमें स्थान स्थान पर प्रेम के लिये किये जाने वाले संघर्ष तथा बलिदान तथा विश्वास की पराकाष्ठा प्रतीत होती है। 

कहा जाता है कि इसी नल राजा के वंशजों नें नल साम्राज्य की नींव रखी थी। शतपथ ब्राम्हण में ‘नल नैषध’ का उल्लेख है। यह एक एसा राजा प्रतीत होता है जिसकी तुलना मृत्यु के देवता यम से की गयी है। पाणिनी नें अष्टाध्यायी में निषध राज्य का उल्लेख किया है जिसे विदर्भ से लगा हुआ बताया गया है। इसके अलावा संस्कृत का प्रसिद्ध महाकाव्य श्रीहर्षकृत ‘नैषधीयचरित’ तथा त्रिविक्रम भट्ट की कृति ‘नलचम्पू’ आदि के साथ साथ नल राजाओं का विवरण वाण की ‘कादम्बरी’ एवं सोमदेव के ‘कथासरित्सागर’ में भी प्राप्त होता है। रामायण में उल्लेख है – नैषणं दमयंतीव भैमी पतिमनुव्रता। तथाहमिक्ष्वाकुवरं रामं पतिमनुव्रता (सुन्दरकाण्ड सर्ग 24; 9.13)॥ इस श्लोक में उल्लेख है कि सीता अपने पतिव्रत की तुलना दमयंती से करती हैं। इन पौराणिक आख्यानों व उद्धरणों का सम्बन्ध भारत के किस क्षेत्र से रहा है यह जानना आवश्यक हो जाता है। पाणिनी के विदर्भ से लगा क्षेत्र नल-राज्य की सीमा अथवा दिशा प्रदान नहीं करता। विष्णु पुराण के अनुसार विन्ध्य तथा पयोष्णि के पास निषध का होना माना जाता है लेकिन यह जानकारी भी उचित उत्तर प्रदान नहीं करती। महाभारत में निषध की राजधानी ‘गिरिप्रस्थ’ बतायी गयी है इस आधार पर उपरोक्त सभी सम्मितियों को जोड कर इतिहासकार डॉ हीरालाल शुक्ल नैषध को ‘महाकांतार’ अथवा ‘महावन’ के साथ जोड कर देखते हैं जो कि प्राचीन बस्तर का क्षेत्र है। इस क्षेत्र में अनेक नाम नल से जुडे हुए हैं जैसे - नलमपल्ली, नलगोंडा, नलवाड़, नलपावण्ड, नड़पल्ली, नीलवाया, नेलाकांकेर, नेलचेर, नेलसागर आदि। शास्त्रों में उल्लेख है कि कर्कोटक नाम के सर्प नें नल को डसा था; बस्तर में ककोटिक और इससे मिलते कई गाँव हैं। इतना ही नहीं बस्तर की प्राण सरिता इन्द्रावती का नाम-साम्य नल-दम्यंति के पुत्र-पुत्री इन्द्रसेना व इन्द्रसेन से मिलता है। 

बस्तर में नलवंश के राजाओं का ज्ञान हमें साहित्यिक, अभिलेखीय तथा मौद्रिक साधनों से ज्ञात होता है। नलों के अभिलेख तीन ताम्रपत्रों, दो शिलालेखों, समुद्र गुप्त का प्रयाग स्तम्भ लेख, प्रभावती गुप्त का दानपत्र, चालुक्य राजा पुलेकिशन द्वितिय का ऐहोल अभिलेख, पल्लव मल्ल नन्दिवर्धन का उदयेन्दिरम ताम्रपत्र तथा नल राजाओं के सिक्के; इस काल का इतिहास जानने के प्रमुख साधन हैं। नलवंश की कमजोरियों का यदा-कदा लाभ सीमावर्ती शासकों ने भी उठाया तथा वेंगी के राजा का भी बस्तर पर आक्रमण हुआ था। उसका कवि बिल्हण अपने काव्यग्रंथ “बिक्रमांक देव चरितम” में बस्तर का उल्लेख कई बार करता है। इन सब के दृष्टिगत भी नल वंश के शासक और उनके बस्तर आगमन व शासन का समय विवादित रहा है (प्राचीन छत्तीसगढ, प्यारेलाल गुप्त, पृ-227)। दण्डकारण्य अंचल तथा छत्तीसगढ के दुर्ग में नलवंशीय शासकों के सिक्के व शिलालेख मिले हैं। अत: इतना निष्कर्ष तो सहज निकाला जा सकता है कि नलों को प्रसिद्धि इसी अंचल से प्राप्त हुई (मध्यप्रदेश के पुरातत्व का संदर्भ ग्रंथ, पृष्ठ 389)। पाँचवी से ले कर आठवी शताब्दी तक नलवंशीय शासक बस्तर तथा दक्षिण कोसल के भूभाग पर राज करते रहे (मध्यप्रदेश के पुरातत्व का संदर्भ ग्रंथ, पृष्ठ 47)। इन संदर्भों के साथ यह प्रश्न उठना भी स्वाभाविक है कि क्या बस्तर के वे नल शासक जिन्होंने लगभग 300-925 ई. तक इन अरण्य क्षेत्रों में शासन किया वे ही ‘नलों’ के वास्तविक उत्तराधिकारी थे? स्वयं नल शासक तो यही मानते थे एवं अपने प्रत्येक अभिलेख मे स्वयं को नलान्वय लिखवाते रहे हैं; प्राप्त शिलालेखों, स्वर्णमुद्राओं तथा ताम्रपत्रों से कुछ एसे ही तथ्य प्रकाश में आये हैं (कलचुरी नरेश और उनका काल पृ 3)। वायुपुराण तथा ब्रम्हाण्ड पुराण से ज्ञात होता है कि नल के वंशज कोसल पर शासन करते थे। ईसा की चैथी शताब्दि से ले कर ग्यारहवी शताब्दी तके के जो आलेख प्राप्त हुए हैं उनमें ‘नलवंश प्रस्तुत’, ’नलवंश कुलांवय’ आदि उल्लेखों के आधार पर इन शासकों को नलवंशी मानने में कोई संदेह नहीं है (बस्तर का राजनैतिक व सांस्कृतिक इतिहास, पृ 15)। 

तथापि बडा प्रश्न यह है कि राजा नल स्वयं तो इक्ष्वाकुवंशीय थे तो यह नल राजवंश पृथक अस्तित्व में कैसे आया एवं इन्हें भी इक्ष्वाकु क्यों नहीं कहा गया? एक समस्या यह भी सामने आती है कि अतीत में अनेक छोटे-बडे राजवंशों नें अपने कुल को महिमामण्डित करने के लिये कभी अपना सम्बन्ध पाण्डवों से जोडा है तो कभी प्राचीन शास्त्रों के किसी चर्चित चरित्र से। क्या एसा ही कोई प्रयास तो बस्तर शासित नलों नें नहीं किया तथा अपनी आरंभिक अवस्था में वे आंचलिक व आदिवासी ही रहे हों? यह संभावना डॉ. हीरालाल शुक्ल भी व्यक्त करते हैं कि नल प्रकृतिपूजक वनवासी रहे होंगे? डॉ. शुक्ल का कथन है कि नल तृणविशेष (शादूलं हरितं प्रोक्तं नड्वलं नलसंयुक्तम – हलायुध कोष में वर्णित) अथवा वृक्षविशेष (नल: पोटगल: शून्यमध्यश्च छमनस्थता। नलस्तु मधुरस्तिक्त: कषाय: कफरक्तजित् – भावप्रकाश में वर्णित) का नाम है एवं बस्तर के नल कहे जाने वाले राजाओं में यह व्याघ्रराज एवं वाराहराज तक प्रतीक चिन्ह रहा होगा एवं इसके बाद के राजाओं तक आते आते पौराणिक यशगाथा से प्रभावित राजा नल ही प्रतीक व वंशक्रम के आदिपुरुष मान लिये गये होंगे। यह संभावना लगती है कि बस्तर के नल आरंभ में वाकाटक राजाओं के आधीन माण्डलिक राजा रहे होंगे किंतु शक्ति संचय के पश्चात वे एक विस्तृत राज्य के अधिकारी बने। प्रतीत होता है कि इसी समय वे अपना आदिवासी आवरण हटा कर आर्य संस्कृति की उस रौ में बह निकले होंगे जिसका कि गुप्त काल और इसके पश्चात तेजी से बढता प्रभाव बस्तर अंचल पर भी पडा था। इतिहास के इतने पुराने कालखण्ड की चर्चा करते हुए एसी कई संभावनाओं को टटोलना आवश्यक हो जाता है। 

महाकांतार (प्राचीन बस्तर) क्षेत्र पर नलवंश के राजा व्याघ्रराज (350-400 ई.) की सत्ता का उल्लेख समुद्रगुप्त की प्रयाग प्रशास्ति से मिलता है। व्याघ्रराज का समय दण्ड़क क्षेत्र पर गुप्त राजवंश के साम्राज्यवादी सम्राट समुद्रगुप्त के आक्रमण के लिये जाना जाता है। यह आश्चर्य का विषय है कि समुद्रगुप्त ने महाकांतार को साम्राज्य का हिस्सा बनाये जाने के स्थान पर नल-राजा व्याघ्रराज को अपनी छत्र-छाया में शासन करने की स्वतंत्रता दी। व्याघ्रराज के बाद वाराहराज (400-440 ई.) महाकांतार क्षेत्र के राजा हुए। वाराहराज ने अपने वन-राज्य में स्वर्णमुद्रायें प्रचलित की जिनमें ‘श्रीवाराहराजस्य’ लिखा गया तथा नंदी अंकित था। एसे 29 सोने के सिक्के एडेंगा से प्राप्त हुए हैं। वाराहराज का शासनकाल वाकाटकों से जूझता हुआ ही गुजरा। राजा नरेन्द्र सेन ने उन्हें अपनी तलवार को म्यान में रखने के कम ही मौके दिये। वाकाटकों ने इसी दौरान नलों पर एक बड़ी विजय हासिल करते हुए महाकांतार का कुछ क्षेत्र अपने अधिकार में ले लिया था। भवदत्त वर्मन (400-440 ई.) ने अपने पिता वाराहराज से मिली सत्ता को प्रसार और सम्पन्नता दी। राज्य की अर्थव्यवस्था ‘श्रीभवदत्तराजस्य’ अंकित स्वर्णमुद्राओं से संचालित होती थी। उनके द्वारा वर्ष 445 ई. के लगभग वाकाटक नरेश नरेन्द्रसेन पराजित हुए, उनकी राजधानी नंदीवर्धन पर भी अधिकार कर लिया गया था। अब महाकांतार से कोशल तक तथा कोरापुट से बरार तक के क्षेत्र पर नंद-त्रिपताका लहराने लगी। भवदत्त वर्मन के देहावसान के बाद अर्थपति भट्टारक (460-475 ई.) राजसिंहासन पर बैठे। अर्थपति एक दानी शासक थे। उनके केसरिबेडा ताम्रपत्र से ज्ञात होता है कि उन्होंने कौत्स गोत्रीय ब्राम्हण दुर्गार्य, रविरार्य तथा रविदत्तार्य को केसेलक गाँव दान में दिया था। अडेंगा में ‘श्री अर्थपति राजस्य’ अंकित दो स्वर्ण मुद्रायें भी प्राप्त हुई हैं। इस समय तक नलों की स्थिति क्षीण होने लगी थी जिसका लाभ उठाते हुए वाकाटक नरेश नरेन्द्रसेन नें पुन: महाकांतार क्षेत्र के बडे हिस्सों पर पाँव जमा लिये। नरेन्द्र सेन के पश्चात उसके पुत्र पृथ्वीषेण द्वितीय (460-480 ई.) नें भी नलों के साथ संघर्ष जारी रखा। अर्थपति भटटारक को नन्दिवर्धन छोडना पडा तथा वह नलों की पुरानी राजधानी पुष्करी लौट आया। पुष्करी के भी अर्थपति के शासनकाल में ही वाकाटकों द्वारा तहस नहस किये जाने के उल्लेख प्राप्त होते हैं। अर्थपति की मृत्यु के पश्चात नलों को कडे संघर्ष से गुजरना पडा जिसकी कमान संभाली उनके भाई स्कंदवर्मन (475-500 ई.) नें जिसे विरासत में एक लुटी हुई सियासत प्राप्त हुई थी। उन्होंने शक्ति संचय किया तथा तत्कालीन वाकाटक शासक पृथ्वीषेण द्वितीय को परास्त कर नल शासन में पुन: प्राण प्रतिष्ठा की। पोड़ागढ का प्रस्तराभिलेख भी स्पष्ट करता है कि स्कंदवर्मन ने नष्ट पुष्करी नगर को पुन: बसारा – “नृपतेर्भवदत्तस्य सत्पुत्रेगान्यान्य संथिताम भ्रष्टामाकृष्य राजर्द्धि शून्यमावास्य पुष्करीयम”। अल्पकाल में ही जो शक्ति व सामर्थ स्कन्दवर्मन नें एकत्रित कर लिया था उसने वाकाटकों के अस्तित्व को ही लगभग मिटा कर रख दिया। उसके समकालीन वाकाटक नरेश देवसेन की विलासिता नें भी स्कन्दवर्मन के साम्राज्य विस्तार में महति भूमिका अदा की थी। यद्यपि स्कंदवर्मा की मृत्यु के पश्चात महाकांतार में नल शासन की अवस्थिति तथा दशा दिशा पर बहुत जानकारियाँ उपलब्ध नहीं हैं। उनके पश्चात के शासकों के नाम व शासनावधि की समुचित जानकारी निकाल पाने में अभी इतिहासकार सफल नहीं हुए हैं। यह प्रतीत होता है कि वाकाटकों नें पुन: नलों को परास्त किया हो। संभावना है कि वाकाटक नरेश हरिषेण नें स्कंदवर्मन के पश्चात के शासको को परास्त कर राज्य विस्तार किया होगा। इसी समय में पूर्वी गंग नाम के एक राजवंश के शक्तिशाली हो कर उदित होने की जानकारी भी प्राप्त होती है। यह विश्वास किया जा सकता है कि वाकाटक नरेश हरिषेण की आधीनता में ही पूर्वी गंग त्रिकलिंग के शासक बने तथा वे वाकाटकों व आन्ध्र के शासकों के बीच प्रतिरोधक का कार्य करते रहे। एक चालुक्य नरेश कीर्तिवर्मन (567-597 ई)  के इस मध्य नलों पर आक्रमण किये जाने के कुछ प्रमाण मिलते हैं जो बताते हैं कि सिमट जाने के बाद भी बस्तर और कोरापुट के कुछ क्षेत्रों पर नलों की पकड बनी ही रही थी। चालुक्य राजा विक्रमादित्य प्रथम (655-788 ई.) के अभिलेख से भी नल शासित क्षेत्रों पर उनके प्रभाव की जानकारी मिलती है। इस उतारचढाव वाले दौर से भी एक तथ्य स्पष्टता से बाहर आता है कि भले ही चालुक्यों का महाकांतार क्षेत्र पर 788 ई. तक बहुत या कम प्रभाव प्रतीत होता है किंतु चालुक्य राजा पुलकेशिन द्वितीय की मृत्यु के पश्चात नल पुन: शक्तिशाली हो उठे और पृथ्वी राज (634-675 ई.) नें महाकांतार में अपने शत्रुओं चालुक्यों तथा पल्ल्वों को परास्त कर नल साम्राज्य को पुन: संगठित किया। अब राजधानी को श्रीपुर (आधुनिक सिरपुर) ले जाया गया। इसके पश्चात विरूपराज (675-700 ई.) का समय अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण प्रतीत होता है। विरूपराज नें राजाधिराज की उपाधि ग्रहण की थी। उनके पश्चात विलासतुंग (700-740 ई.) नें राज्यभार ग्रहण किया। उनके द्वारा उत्कीर्ण राजिम अभिलेख से यह ज्ञात होता है कि उन्होंने अपने स्वर्गीय पुत्र की स्मृति तथा उसके पुण्यलाभ के लिये एक विष्णु मंदिर का निर्माण करवाया था। विलासतुंग नें अपने समय में महनदी तथा तेल नदी के तटवर्ती क्षेत्रों पर अधिकार कर राज्य विस्तार किया। उनके पुत्र पृथ्वीव्याघ्र (740-765 ई.) नें राज्य विस्तार करते हुए नेल्लोर क्षेत्र के तटीय क्षेत्रों पर अधिकार कर लिया था। यह उल्लेख मिलता है कि उन्होंनें अपने समय में अश्वमेध यज्ञ भी किया। पृथ्वीव्याघ्र के पश्चात के शासक कौन थे इस पर अभी इतिहास का मौन नहीं टूट सका है। इसके लगभग डेढ सौ साल के पश्चात पुन: एक नलवंशी शासक भीमसेन (लगभग 900 – 925 ई.) का पता चलता है जिसने गंजाम-कोरापुट क्षेत्र में एक ताम्रपत्र प्रचरित किया था। इस उल्लेख से डेढ सौ साल की खामोशी को पढने की यही संभावना हाँथ लगती है कि सोमवंशियों ने नलों को इस अवधि में गंजाम की ओर धकेल दिया होगा। तथापि भीमसेन द्वारा धारण की गयी उपाधियाँ जैसे परममाहेश्वर, महाराजाधिराज आदि इस दौर का उसे शक्तिशाली शासक निरूपित करती हैं। नलवंश का इतिहास भीमसेन के पश्चात अप्राप्त है; यह संभावना है कि धीरे धीरे नल वंश का महाकांतार में पतन होने लगा। 

नल शासन व्यवस्था के आधीन कई माण्डलिक राजा थे। अतिशयोक्ति नहीं है कि दीर्घकाल तक नल-राजवंश ने महाकांतार क्षेत्र को स्थिर शासन प्रदान किया। मंदाकिनि तथा गोदावरी नदियों ने यात्रिपथ को दक्षिण के वेंगी राज्य से सम्बद्ध कर दिया था, जिससे कि वाणिज्य का विकास हुआ। यह संस्क़ृत-भाषी दण्ड़क वनवासियों का युग था; नल युग में शिक्षा और साहित्य समृद्ध हुआ। प्रशासनिक व्यवस्था में ग्रामीण भागीदारी को समुचित महत्व दिया गया था। किंतु शनै:-शनै: राजा लड़-झगड़ कर मोहताज हो गये। राज्य में सोने की मुद्राओं का स्थान रौप्य अथवा चाँदी की मुद्राओं ने ले लिया। पहले शांति का, फिर समृद्धि का और अंतत: लगभग बारहवी शताब्दि तक नल वंश का महाकांतार से पूरी तरह ह्रास हो गया।